पटना

नीतीश के बाद उम्मीद नहीं थी, लेकिन सम्राट जी ने कमाल कर दिया, खान सर ने ऐसा क्यों बोला?

पटना में खान सर की कोचिंग के बाहर हुई घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वह काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के निर्देश पर पटना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए रात में ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। खान सर ने पुलिस के इस एक्शन को 10 में 10 अंक दिए और कहा कि ऐसी तत्परता की उन्हें उम्मीद नहीं थी।

2 min read
Jun 04, 2026
Patna famous Teacher Khan Sir on NEET paper Leak
पटना के फेमस शिक्षक खान सर (फोटो- वीडियो ग्रैब)

कोचिंग संस्थान के बाहर मंगलवार रात हुई घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खान सर काफी संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा कि घटना के बाद जिस तेजी से पुलिस ने कार्रवाई की, इसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। खान सर ने कहा कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के निर्देश पर पटना पुलिस ने जिस तरह से सख्ती और तत्परता दिखाई, वह सराहनीय है।

उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार के पास दो दशकों से अधिक का प्रशासनिक अनुभव है, जबकि सम्राट चौधरी अपेक्षाकृत नए हैं। इसके बावजूद उनके निर्देश पर पटना पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए रात में ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह देखकर मैं हैरान था कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस इतनी तेजी से भी कार्रवाई कर सकती है।"

खान सर ने आगे कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। उन्होंने पटना पुलिस की कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा, "हम पटना पुलिस के इस एक्शन को 10 में से 10 अंक देंगे।"

पुलिस की मुस्तैदी ने किया प्रभावित

खान सर ने कहा कि वह कभी भी बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से व्यक्तिगत रूप से नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की तत्परता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महिला एसपी देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहीं। वहीं, पटना के एसएसपी भी तुरंत मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि चार थानों की पुलिस को तत्काल तैनात किया गया था। पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

रौशन आनंद बोले- हमें फंसाने की साजिश

खान सर की कोचिंग के बाहर हुई घटना के मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद समेत उनके दो सहयोगियों अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। घटना के बाद खान सर ने शुरुआत में अपनी कोचिंग के बाहर फायरिंग और तोड़फोड़ का आरोप लगाया था, लेकिन बाद में उन्होंने फायरिंग की बात से इनकार कर दिया। वहीं, गिरफ्तार रौशन आनंद ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, "यह मुझे और ज्ञान बिंदु कोचिंग को पूरी तरह बर्बाद करने की साजिश है।"

Published on:
04 Jun 2026 08:21 am