
सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)
Bihar Coaching Dispute ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ के मालिक खान सर और ‘ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी’ के निदेशक रौशन आनंद के बीच विवाद को लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र भी चर्चा में हैं। पुलिस जांच में दोनों के बीच विवाद का मुख्य कारण बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा का परिणाम बताया जा रहा है।
19,838 अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी होने के बाद खान सर ने दावा किया कि सफल उम्मीदवारों में करीब 12,000 उनके छात्र हैं, जबकि ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद ने दावा किया कि उनके संस्थान से 10,000 छात्रों का चयन हुआ है। इन दावों को लेकर पटना के मुसल्लाहपुर हाट क्षेत्र में स्थिति शिक्षकों के बीच विवाद का केंद्र बन गई है। इस बीच गुरु रहमान ने भी इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दोनों पक्षों पर सवाल उठाए हैं।
गुरु रहमान ने कहा कि बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के नतीजे घोषित होने के बाद सफल छात्रों को अपनी ओर आकर्षित करने और बाजार में नंबर वन बनने की होड़ ने इस विवाद को जन्म दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिणाम जारी होने के बाद दोनों संस्थानों के बीच सफल उम्मीदवारों को लेकर बड़े पैमाने पर ‘दावा करने’ और उनसे जुड़ाव दिखाने की प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई। सूत्रों के अनुसार, इस प्रक्रिया में कुछ मामलों में सफल छात्रों को आकर्षित करने के लिए बड़ी रकम तक के ऑफर दिए जाने की भी बात सामने आई है, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच तनाव और विवाद और बढ़ गया।
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी स्वीकार किया कि रिजल्ट जारी होते ही छात्रों को अपने-अपने संस्थान का बताने और उन्हें जोड़ने की होड़ मच जाती है। इसी को लेकर कोचिंग संचालकों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनती रहती है। उन्होंने आगे कहा कि इस पर रोक लगाने के लिए सरकार सख्त कानून बनाने जा रही है, जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
सूत्रों का कहना है कि इस पूरे खेल में बड़े कोचिंग संस्थान भी शामिल हैं। जितनी बड़ी परीक्षा होती है, उतनी ही बड़ी रकम सफल छात्रों को ऑफर की जाती है। सूत्रों के अनुसार, इसके लिए 50 हजार से लेकर 2 लाख रुपये तक के ऑफर दिए जाते हैं, और जो छात्र जिस राशि पर तैयार हो जाए, उसे उसी के अनुसार जोड़ा जाता है। टॉपर छात्रों के लिए अलग रेट तय होने की भी बात सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि कई कोचिंग संस्थान और स्कूल अब ऐसे सफल छात्रों को आकर्षित करने के लिए मनमानी रकम तक देने लगे हैं।
Updated on:
03 Jun 2026 09:22 pm
Published on:
03 Jun 2026 09:22 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
