22 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पटना में सियासी संग्राम: कांग्रेस कार्यालय के बाहर भिड़े बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ता, पत्थरबाजी से कई घायल

पटना में कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर बुधवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच प्रदर्शन के दौरान हिंसक झड़प हो गई।
2 min read
Google source verification
bjp congress workers clash

पटना में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़े

पटना में कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर आज ( बुधवार) कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे तक चलने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों के अनुसार, इस झड़प में कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।

दरअसल, दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में बीजेपी ने बुधवार को देशभर में कांग्रेस कार्यालयों का घेराव कर प्रदर्शन किया। इसी क्रम में पटना में भी बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी कार्यालय से बाहर आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

सदाकत आश्रम के बाहर कैसे भड़की हिंसा?

सूत्रों के अनुसार, बीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से ही कांग्रेस मुख्यालय में मौजूद थे। दावा किया जा रहा है कि कुछ कार्यकर्ता लाठी-डंडों के साथ भी वहां डटे हुए थे। उस समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम समेत कई वरिष्ठ नेता भी कार्यालय में मौजूद थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोपहर करीब दो बजे नारेबाजी करते हुए बीजेपी कार्यकर्ता सदाकत आश्रम पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। हालात बिगड़ने पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। काफी देर तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। वहीं, बीजेपी नेताओं का आरोप है कि झड़प के दौरान उनके नेताओं के वाहनों पर भी हमला किया गया, जिससे कई गाड़ियों के शीशे टूट गए।

हंगामे से थम गई रफ्तार

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि झड़प के दौरान कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम की ओर भी जमकर पथराव किया गया। मौके पर पुलिस बल तैनात था, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआती झड़प के दौरान पुलिस सक्रिय हस्तक्षेप करती नहीं दिखी। हंगामा शांत होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस पूरे घटनाक्रम के कारण दानापुर-गांधी मैदान मुख्य मार्ग पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा।