22 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

‘PK के होटल तक पहुंची पुलिस’, जन सुराज का बड़ा आरोप; कार्यकर्ताओं को धमकाने का दावा

Bankipur By Election:बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच जन सुराज पार्टी ने पटना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के प्रदेश सचिव रवि नारायण सिंह ने दावा किया है कि पुलिस ने उनके होटलों और पार्टी कार्यकर्ताओं के ठिकानों पर छापेमारी की, होटल सील करने और जेल भेजने की धमकी दी।
2 min read
Google source verification
प्रशांत किशोर के साथ रवि नारायण

प्रशांत किशोर के साथ रवि नारायण

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच जन सुराज पार्टी ने पटना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के प्रदेश सचिव रवि नारायण सिंह ने दावा किया है कि पटना पुलिस उनके होटलों और पार्टी कार्यकर्ताओं के ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने होटल सील करने और जेल भेजने तक की धमकी भी दी है।

होटल सील करने की दी धमकी

जन सुराज के प्रदेश सचिव रवि नारायण सिंह ने दावा किया कि 19 जुलाई की सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच स्पेशल सेल के अधिकारियों ने फोन कर उनके होटल का विवरण मांगा। उनका कहना है कि उन्होंने अधिकारियों से कहा कि होटल से संबंधित जानकारी पार्टी की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद पुलिस की ओर से भी होटल का विवरण मांगा गया।रवि नारायण सिंह के अनुसार, 19 जुलाई को पुलिस उनके होटल पहुंची और पुराने गेस्ट रजिस्टर तथा ठहरे हुए मेहमानों का विवरण मांगा। उन्होंने बताया कि उस समय संबंधित रिकॉर्ड उनके पास उपलब्ध नहीं था। उन्होंने पुलिस से कहा कि 10 दिनों के भीतर सभी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए जाएंगे। आरोप है कि इस पर पुलिसकर्मी नाराज हो गए और होटल सील करने की धमकी देने लगे।

होटल और घर में हुई तलाशी

उन्होंने आगे दावा किया कि इसके बाद पुलिस ने उनके होटल की पूरी तलाशी ली। जब वहां कुछ नहीं मिला तो पुलिस की दूसरी टीम उनके घर पहुंच गई। रवि नारायण सिंह के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि होटल में ठहरे मेहमानों की भी तलाशी लेनी है। इसके बाद दोनों होटलों की तलाशी ली गई। रवि नारायण सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान बुद्धा कॉलोनी थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने उन्हें फोन कर अपशब्द कहे।

कार्यकर्ताओं को डराने का आरोप

पार्टी की वरिष्ठ नेता वीनिता मिश्रा ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले भाजपा, पुलिस के जरिए जन सुराज के कार्यकर्ताओं में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उनका दावा है कि रवि नारायण सिंह ही नहीं, बल्कि पार्टी के कई अन्य कार्यकर्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों पर भी पुलिस पहुंची और उन्हें परेशान करने का प्रयास किया। वीनिता मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ता प्रेम की मिठाई की दुकान पर भी पुलिस पहुंची और उन्हें धमकाने की कोशिश की गई।