पटना

पटना में हैवानियत: तिलक समारोह में डांस करने पहुंचीं दो बहनों के साथ दरिंदगी, 13 लोगों पर FIR

पटना के नौबतपुर में तिलक समारोह में डांस के लिए बुलायी गई दो सगी बहनों से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िताओं की शिकायत पर 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और अन्य की तलाश में छापेमारी कर रही है।

2 min read
Jun 20, 2026
Bilaspur News
महिला से रेप (सांकेतिक तस्वीर)

पटना में दो सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दोनों बहनों को झारखंड से एक तिलक समारोह में डांस कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि वहां कई लोगों ने उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पीड़िताएं झारखंड के लातेहार जिले की रहने वाली हैं और वर्तमान में पटना के मीठापुर इलाके में किराए के मकान में रहकर डांस कार्यक्रमों के जरिए अपना जीवन-यापन करती थीं। इस मामले में एक पीड़िता ने नौबतपुर थाने में 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

डांस के बहाने बुलाकर किया दुष्कर्म

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 18 जून को उन्हें नौबतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में तिलक समारोह के दौरान डांस कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए बुलाया गया था। इस कार्यक्रम की बुकिंग भेलुरा रामपुर निवासी मुन्ना कुमार ने कराई थी। पीड़िता के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मुन्ना कुमार के चचेरे भाई सूरज कुमार, उसके दोस्त भानु कुमार और अन्य युवकों ने उन्हें किसी अन्य स्थान पर ले गए। आरोप है कि वहां सभी आरोपियों ने दोनों बहनों के साथ बारी-बारी से पूरी रात दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि जब उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

रास्ते में शोर मचाकर बचाई जान

पीड़िता ने बताया कि पूरी रात उन्होंने और उनकी बहन ने भय और दहशत के माहौल में बिताई। सुबह आरोपी उन्हें नौबतपुर से मीठापुर छोड़ने के लिए गाड़ी से ले जा रहे थे। इसी दौरान जब वाहन फुलवारीशरीफ के पास पहुंचा, तो दोनों बहनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम वहां पहुंची और दोनों युवतियों को अपने संरक्षण में लेकर फुलवारीशरीफ थाने ले गई। बाद में घटना की जानकारी मिलने पर नौबतपुर पुलिस की टीम फुलवारीशरीफ पहुंची और दोनों पीड़िताओं को नौबतपुर थाने लेकर आई।

Updated on:
20 Jun 2026 07:15 am
Published on:
20 Jun 2026 06:55 am