पटना

Video: सीतामढ़ी में बीच सड़क पर ट्रक छोड़कर भागे तस्कर, ग्रामीणों ने लूटी शराब, वीडियो वायरल से मचा हड़कंप

सीतामढ़ी जिले के बोखड़ा थाना क्षेत्र में शराब से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क पर खड़े एक ट्रक से ग्रामीण शराब की बोतलें और कार्टन लूटते नजर आ रहे हैं।

2 min read
Jun 19, 2026
sitamarhi liquor loot truck video
सीतामढ़ी में शराब लूटते ग्रामीण

बिहार के सीतामढ़ी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिल रहा है, जिसमें गांव के लोग सड़क पर खड़ी एक ट्रक से शराब की बोतलें लूटते हुए दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस कार्रवाई के डर से शराब माफिया और ट्रक चालक बीच सड़क पर ट्रक छोड़कर फरार हो गए थे। इसके बाद जैसे ही ग्रामीणों को पता चला कि ट्रक में शराब की बोतलें भरी हैं, वे मौके पर पहुंचकर बोतलें लूटने लगे। यह पूरा मामला बोखड़ा थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है।

शराब से भरा ट्रक बीच सड़क पर छोड़ा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बोखड़ा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब का एक बड़ा खेप उनके थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया और संबंधित ट्रक की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच, पुलिस की कार्रवाई की भनक शराब माफिया और ट्रक चालक को लग गई। इसके बाद दोनों बुधनगरा पुरानी बाजार स्थित पुल के समीप बीच सड़क पर ट्रक छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी मिली कि ट्रक में शराब भरी हुई है, तो वे मौके पर पहुंच गए और पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब की कई बोतलें लूटकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। ट्रक में करीब दो हजार लीटर शराब मौजूद थी, जिसमें ग्रामीणों द्वारा लूटपाट के बाद भी कुछ मात्रा में शराब बची हुई पाई गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस से पहले कार्टन लूटकर फरार हुए ग्रामीण

पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि बुधनगरा से जजुआर जाने वाली सड़क पर एक ट्रक से विदेशी शराब उतारी जानी है। सूचना के सत्यापन और छापेमारी के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही शराब तस्करों को इसकी भनक लग गई और वे फरार हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने से पहले ही कुछ असामाजिक तत्वों ने ट्रक से शराब के कई कार्टन निकाल लिए। कुछ लोग कार्टन लेकर मौके से चले गए, जबकि कुछ ने पुलिस को आता देख कार्टन खेतों और आसपास के क्षेत्रों में फेंक दिए और वहां से फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, ट्रक से शराब के कार्टन और बोतलें ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो की जांच कराई जा रही है। वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ तलाशी अभियान चलाया जाएगा। पुलिस ने बताया कि लूटी गई शराब की बोतलों की बरामदगी के भी प्रयास किए जाएंगे। साथ ही इस मामले में संलिप्त सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि बिहार में शराबबंदी लागू है।

Updated on:
19 Jun 2026 05:35 pm
Published on:
19 Jun 2026 05:29 pm