पटना

Video: विदाई के बाद ससुराल नहीं, सीधे परीक्षा सेंटर पहुंची दुल्हन; शादी के लाल जोड़े में दिया इंटर का एग्जाम

BSEB Inter Exam: जहानाबाद के गौतम बुद्ध इंटरमीडिएट स्कूल एग्जामिनेशन सेंटर पर एक छात्रा शादी के लाल जोड़े, ज्वेलरी और मांग में सिंदूर लगाकर सीधे एग्जाम देने पहुंच गई। इंटरमीडिएट एग्जाम देने आई स्टूडेंट का नाम वर्षा कुमारी था, जिसकी कुछ घंटे पहले ही शादी हुई थी।
2 min read
Feb 10, 2026
BSEB Inter Exam
परीक्षा देने पहुंची वर्षा (फोटो-स्क्रीन ग्रैब)

BSEB Inter Exam:बिहार में चल रही इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा में लाखों छात्र हिस्सा ले रहे हैं। इस बीच, जहानाबाद जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने पढ़ाई के प्रति लगन की एक नई मिसाल पेश की। जिले के रतनपुर ब्लॉक के खैरा गांव की रहने वाली वर्षा कुमारी अपनी शादी की रस्में पूरी करने के बाद ससुराल जाए बिना ही परीक्षा देने पहुंच गई। लाल साड़ी पहने, हाथों में गहरी मेहंदी और मांग में सिंदूर लगाए छात्रा सीधे परीक्षा हॉल पहुंची।

दुल्हन के जोड़े में पहुंची परीक्षा केंद्र

शादी सोमवार सुबह गया जिले के पहाड़पुर गांव में हुई। आम तौर पर इसके बाद दुल्हन की विदाई, रिश्तेदारों का जमावड़ा, भावनाओं का सैलाब और फिर ससुराल में रस्में आदि होती हैं। हालांकि, वर्षा ने इन सबसे पहले परीक्षा देने का फैसला किया और मंडप से निकलकर दुल्हन के जोड़े में ही सीधे परीक्षा केंद्र पहुंच गई। इसका वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

देखने के लिए जमा हो गई लोगों की भीड़

जैसे ही वर्षा दुल्हन बनकर गौतम बुद्ध इंटरमीडिएट स्कूल परीक्षा केंद्र पर पहुंची, छात्र, अभिभावक और वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। देखने वाला हर कोई हैरान था। फोटो और वीडियो लिए जाने लगे। एक पल के लिए माहौल ऐसा हो गया कि उसे कंट्रोल करना मुश्किल हो गया। मौके पर तैनात पुलिस अफसरों को भीड़ को कंट्रोल करना पड़ा ताकि एग्जाम में कोई रुकावट न आए।

शादी अपनी जगह, भविष्य अपनी जगह

परिजनों ने बताया कि शादी की तिथि पहले से तय थी और परीक्षा भी उतनी ही जरूरी। विकल्प आसान था कि परीक्षा छोड़ दिया जाए। लेकिन वर्षा ने दूसरा रास्ता चुना, उसे किसी भी हाल में परीक्षा देना ही था। इसी जिद ने उसे सीधे एग्जाम हॉल तक पहुंचा दिया, जहां इतिहास विषय की परीक्षा थी। परीक्षा के बाद मीडिया ने वर्षा से सवाल पूछने की कोशिश की, पर दुल्हन ज्यादा नहीं बोलीं।

Updated on:
10 Feb 2026 05:39 pm
Published on:
10 Feb 2026 05:38 pm