Patrika Special News

Tribal Society: जिसे शहरी कहते हैं क्राउडफंडिंग, दशकों से वागड़ के आदिवासी ऐसी परंपरा से बन रहे परस्पर मददगार

Tribal Society : दक्षिण राजस्थान में ऐसी कई परम्पराएं, जो बस्तियों-परिवारों और समाज को एक-दूजे से मजबूती से गूंथे हुए हैं। कहीं बेटी के हिस्से की पहली फसल लेकर पिता उसके ससुराल जाता है, तो कहीं बिना ब्याज आर्थिक मदद आदिवासी समाज की जीवनशैली और रिश्तों की गर्माहट की नजीर पेश करती है। पढ़िए जितेन्द्र पालीवाल की खास खबर।
6 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 11:14 AM IST
Tribal Culture
आदिवासी संस्कृति में कई शानदार परंपराएं (Photo: Rajasthan Patrika)

Tribal Society : टीलेनुमा पहाड़ियों पर बसे छोटे-छोटे फले, शांत-सुरम्य कुदरती माहौल और खेती-बाड़ी और पशुपालन में जुटे आदिवासी। दक्षिण राजस्थान के आदिवासी अंचल वागड़ के ऐसे नजारे खूबसूरत तो हैं ही, यहां की कुछ परम्पराएं भी उतनी ही सुन्दर हैं, जो दशकों से सामाजिक ताने-बाने को मजबूती से गूंथे हुए हैं। ये परम्पराएं आधुनिक और विकसित शहरी समाज के लिए भी एक नजीर हैं, जो इंसान से इंसान को जुड़कर, मदद का हाथ थामकर हर सुख-दुख में जीने की सीख देती हैं।

क्या है नोतरा परम्परा?

मसलन, नोतरा परम्परा। शहरों में पिछले कुछ वर्षों में सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये आर्थिक मदद जुटाने को क्राउडफंडिंग कहा गया, लेकिन वागड़ का आदिवासी समाज इस व्यवस्था को दशकों से जी रहा है। मदद और सम्बल देने के ऐसे कई रिवाज आदिवासी समाज की जड़ों में गहरे तक समाए हैं।

वागड़ की पहचान सिर्फ इसकी कुदरती खूबसूरती और लोकनृत्यों तक सीमित नहीं है, यहां के जनजातीय समाज की रोजमर्रा की जिंदगी में रची-बसी ऐसी परम्पराएं आज भी दशकों और सदियों से चल रही हैं, जिनमें सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सहयोग, पारिवारिक रिश्तों और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का अनूठा दर्शन मिलता है। किसी के घर की दीवार उठानी हो तो पूरा गांव जुट जाता है, शादी में आर्थिक जरूरत पड़े तो समाज मददगार बनता है और खेत में नई फसल आए तो उसका पहला हिस्सा बेटी के घर पहुंचता है। ये रीतियां बताती हैं कि यहां व्यक्ति की खुशहाली उसके समाज से अलग नहीं है।

नोतरा : जब जरूरत हो, बुलाने पर लोग करते हैं आर्थिक मदद

आदिवासी समाज में बेटे-बेटी की शादी, मकान निर्माण या ऐसी और किसी बड़े आयोजन में सामूहिक आर्थिक सहयोग देने की परम्परा को नोतरा कहते हैं। शादी की तारीख तय होने के बाद गांव के मुखिया और समाज के प्रमुख लोगों की मौजूदगी में नोतरा की तिथि तय होती है। विशेष व्यक्ति को चावल व पत्रक छपवाकर रिश्तेदारों और ग्रामीणों तक न्योता पहुंचाया जाता है। वह घर-घर नोतरा की सूचना देता है। निर्धारित दिन रिश्तेदार, परिचित और ग्रामीण नोतरा आयोजक के घर पहुंचते हैं। अपनी सामथ्र्य के अनुसार नकद राशि, कपड़े या अन्य सामग्री देते हैं। नोतरे में मिली राशि और सामान का हिसाब डायरी में दर्ज होता है। भविष्य में सहयोगकर्ता परिवार या सदस्यों के यहां भी ऐसा ही अवसर आने पर उसी तरह मदद दोगुनी या तिगुनी करके लौटाई जाती है। मददकर्ता को तीन साल की अवधि में ही नोतरा बुलाना होता है। खेती के लिए बैल खरीदने तक के लिए भी नोतरा हुआ करता था। मौजूदा दौर में बरसात में गिरे स्कूल भवनों के निर्माण और शिक्षा के लिए भी आदिवासी समाज अब नोतरे करने लगा है।

हलमा: बेटे का घर बसाने जुटता है पूरा गांव

वागड़ की हलमा परम्परा सामूहिक श्रम और सामाजिक जिम्मेदारी की ऐसी मिसाल है, जिसमें किसी एक परिवार की जरूरत पूरे गांव की जिम्मेदारी बन जाती है। आदिवासी समाज में बेटे की शादी के बाद अलग गृहस्थी बसाने की परम्परा रही है। नए घर को स्थानीय भाषा में ‘वापरा’ कहा जाता है। इसके निर्माण में परिवार अकेला नहीं पड़ता, बल्कि गांव के लोग मिलकर श्रमदान करते हैं। घर की दीवारें खड़ी करने से लेकर छत तैयार करने तक लोग अपने औजार लेकर पहुंचते हैं। मकान निर्माण से आगे बढ़कर यही परम्परा खेतो में जुताई, बुवाई, फसल कटाई और दूसरे जरूरी कामों को भी पूरा करती है। लोग एक-दूसरे का हाथ बंटाते हैं। जरूरत पडऩे पर कोई किसान हल-बैल लेकर दूसरे के खेत में पहुंच जाता है। इसमें मजदूरी या नकद भुगतान के बजाय बदले में सहयोग का भाव रहता है। यह परम्परा एक तरह की सामाजिक पूंजी है, जिसका लाभ जरूरत पड़ने पर हर परिवार को मिलता है।

शादी के बाद बेटी को मिलता है पिता के खेत की फसल का पहला हिस्सा

वागड़ की परम्परा बेटी के प्रति मायके के स्नेह और सम्मान को दर्शाती है। स्थानीय स्तर पर प्रचलित इस रीति के अनुसार खेत में नई फसल तैयार होने पर उसका पहला हिस्सा बेटी के लिए निकाला जाता है। पिता या भाई स्वयं नई उपज लेकर बेटी के ससुराल पहुंचते हैं। मक्का की फसल के समय भुट्टे लेकर बेटी के घर जाने की परम्परा विशेष रूप से चर्चा में रहती है। इसका भाव केवल फसल बांटना नहीं, बल्कि बेटी को यह एहसास कराना है कि विवाह के बाद भी मायके के खेत-खलिहान और परिवार से उसका रिश्ता कायम है।

त्योहार पर बेटी को लेने ससुराल पहुंचते हैं परिजन, यह है पामणा

वागड़ में पामणा यानी पाहुना बनने की परम्परा अतिथि सत्कार के साथ पारिवारिक रिश्तों को जीवित रखने का माध्यम भी है। होली, दीपावली और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर इसका विशेष महत्व रहता है। दीपावली पर नवविवाहिता को लेने के लिए वर पक्ष के परिजन उसके मायके पहुंचते हैं। वहीं रक्षाबंधन पर नवविवाहिता के भाई और गांव के दूसरे परिजन उसके ससुराल जाकर उसे मायके लाते हैं।

संकट में ढाल बनता है वार, एक आवाज पर जुट जाता है गांव

वागड़ के कई गांवों में घर दूर-दूर खेतों और पहाड़ियों पर बने होते हैं। ऐसे में किसी परिवार पर अचानक संकट आ जाए तो मदद पहुंचाना आसान नहीं होता। इसी जरूरत से जुड़ी है वार परम्परा। किसी परिवार पर आफत आने, चोरी, हमले या दूसरी मुसीबत की स्थिति में विशेष आवाज अथवा ढोल के जरिए आसपास के लोगों को सूचना दी जाती है। आवाज सुनते ही ग्रामीण अपने हाथों में उपलब्ध साधन लेकर मदद के लिए पहुंचते हैं, जिससे वे अपनी आत्मरक्षा कर पाते हैं।

हाट में बिकती उपज, बनते रिश्ते और चुने जाते हैं जीवनसाथी

वैसे तो वागड़ के साप्ताहिक हाट अब कम लगते हैं, लेकिन कभी ये आदिवासी जीवन के सामाजिक केंद्र भी रहे हैं। पहाड़ियों की ढलानों पर बसे गांवों में खेती की जमीन छोटी होने से किसानों की उपज सीमित रहती थी। ऐसे में ग्रामीण अपनी उपज लेकर हाट पहुंचते और उसके बदले घर की जरूरत का सामान खरीदते थे।

हाट में अनाज, सब्जियों, मसालों, कपड़ों, चांदी के आभूषणों और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीद-बिक्री होती थी। कई जगह वस्तुओं की अदला-बदली भी होती थी। पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला-पुरुष हाट को अलग ही रंग देते थे। ये हाट केवल खरीद-बिक्री के बाजार नहीं रहे, बल्कि युवाओं के मेल-मिलाप के भी केन्द्र हुआ करते थे। युवक-युवतियां यहां एक-दूसरे को देखते, पसंद करते और जीवनसाथी चुनने की शुरुआत भी करते थे। आदिवासियों के जीवन में भी प्रकृति जैसी स्वतंत्रता और स्वच्छंदता बहुत गहराई तक जमी हुई है। इस परम्परा में स्थानीय अर्थव्यवस्था, सामाजिक संपर्क और पारिवारिक रिश्तों के निर्माण का मेल दिखाई देता है।

विधवा और तलाकशुदा महिला को फिर गृहस्थी बसाने का अवसर

वागड़ के जनजातीय समाज में नातरा विवाह की एक अलग व्यवस्था रही है। इसके तहत विधवा और तलाकशुदा महिला को पुनर्विवाह का अवसर मिलता है। यह परम्परा इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है कि इसमें पति की मृत्यु या वैवाहिक संबंध टूटने के बाद महिला को नई गृहस्थी बसाने का मौका मिलता है। हालांकि, नातरा से जुड़े कुछ मामलों में विवाद के बाद आर्थिक दंड की व्यवस्था भी है। इसलिए इसके अलग-अलग सामाजिक स्वरूपों को समझना जरूरी है। इस परम्परा का एक महत्वपूर्ण पक्ष महिला के पुनर्विवाह और नए जीवन की संभावना से जुड़ा है।

परम्पराओं के पीछे छिपी है सामूहिक जीवन की सोच

वागड़ की इन परम्पराओं को एक साथ देखें तो इनके बीच एक साझा सूत्र दिखाई देता है। हलमा में श्रम के बंटवारे से मदद का मंतव्य छुपा है तो नोतरा में आर्थिक जिम्मेदारी का। जातरा बेटी को मायके से जोड़ती है तो पामणा रिश्तों में अपनापन बनाए रखता है। वार संकट में सुरक्षा देता है तो हाट आर्थिक गतिविधियों के साथ सामाजिक मेलजोल का अवसर बनता है। हालांकि, बदलती जीवनशैली, रोजगार के लिए पलायन और आधुनिक आर्थिक व्यवस्था के प्रभाव से इन परम्पराओं के स्वरूप में बदलाव भी आ रहा है।

Updated on:
16 Nov 2026, 11:14 AM IST
Published on: