Patrika+

अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने से आक्रोश: परिजन बोले- सरकार ने अच्छा नहीं किया, जानिए पूरा मामला

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक (CJP) अभिजीत दीपके को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने से उनके परिजनों ने नाराजगी जताई है। अभिजीत दीपके के पिता भगवान दीपके ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
3 min read
• •
Oct 10, 2026
Abhijeet dipke detention
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक (CJP) अभिजीत दीपके को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने से उनके परिजनों ने नाराजगी जताई है। अभिजीत दीपके के पिता भगवान दीपके ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस कार्रवाई को भारत के इतिहास की पहली ऐसी घटना बताया, जिसमें लोकतंत्र बचाने की कोशिश कर रहे एक छात्र को विमान के अंदर से गिरफ्तार किया गया।

भारत में लोकतंत्र नहीं बचा

अभिजीत दीपके के पिता भगवान दीपके ने कहा कि इससे पहले बड़े-बड़े अपराधियों और विदेशों में भारत का पैसा लेकर जाने वाले उद्योगपतियों को गिरफ्तार करने के ऐसे मामले उन्होंने नहीं देखे, लेकिन लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले एक सामान्य छात्र को हिरासत में लिया गया है।

देश में लोकतंत्र की स्थिति के सवाल पर भगवान दीपके ने कहा- मुझे नहीं लगता कि अब भारत में लोकतंत्र बचा है। उनका आरोप है कि जो लोग लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं, उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 'वन नेशन, वन पार्टी' की दिशा में आगे बढ़ना और दूसरी राजनीतिक पार्टियों को खत्म करना है।

अभिजीत की गिरफ्तारी हो सकती है

अभिजीत की गिरफ्तारी की आशंका के बारे में पूछे जाने पर उनके पिता ने बताया कि अभिजीत घर से निकलते समय उन्हें बता गया था कि उसे गिरफ्तार किया जा सकता है। इंदिरा गांधी के दौर और मौजूदा हालात की तुलना पर उन्होंने कहा कि आपातकाल के बारे में उन्हें ज्यादा विस्तृत जानकारी नहीं है। मौजूदा हालात में आगे क्या कदम उठाना है, यह वह अभिजीत के साथ हुए व्यवहार को देखने के बाद तय करेंगे।

ज्ञानेश कुमार को लेकर सवाल पूछे जाने पर भगवान दीपके ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले से ही एक खास कार्रवाई के लिए लाया गया था। उन्होंने संसद में सांसदों के निलंबन और राष्ट्रपति के अधिकारों से जुड़े कानून का जिक्र करते हुए दावा किया कि यह सब पहले से तय योजना का हिस्सा था।

अभिजीत की मां का गुस्सा फूटा

अभिजीत को हिरासत में लिए जाने पर उनकी मां अनीता दीपके ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सरकार ने अभिजीत के साथ अच्छा नहीं किया। देश के लिए काम करने वाले बच्चों को गिरफ्तार किया जा रहा है, जबकि अपराध करने वालों पर कार्रवाई नहीं होती। अभिजीत दीपके की मां ने से कहा कि उन्हें पहले से ही डर था कि उनके बेटे को गिरफ्तार किया जा सकता है।

अनीता दीपके ने बताया कि जब अभिजीत घर से जा रहे थे, तब भी उन्होंने उसे आगाह किया था कि उसे गिरफ्तार किया जा सकता है। लेकिन अभिजीत ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि ऐसा कुछ नहीं होगा। मां ने भावुक होते हुए कहा कि बेटे को जाते समय उन्होंने रोते हुए विदा किया था, लेकिन अभिजीत ने उन्हें समझाया था कि रोओ मत, जो होगा अच्छे के लिए होगा। सरकार के रवैये पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात उन्हें अच्छे नहीं लग रहे हैं। उनके मुताबिक, सरकार ने उनके बेटे के साथ गलत किया है और इस कार्रवाई से उन्हें बहुत दुख पहुंचा है।

पुलिस हिरासत में CJP के बड़े नेता

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके, को-कन्वीनर सौरव दास और प्रवक्ता आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने उनकी फ्लाइट के अंदर से ही हिरासत में ले लिया है। CJP के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के जवान उस विमान के अंदर घुसे जिसमें अभिजीत दिपके राष्ट्रीय राजधानी आ रहे थे। फ्लाइट कुछ मिनट पहले ही आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी।

हिरासत के दौरान अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस से कहा- मैं यहां गिरफ्तार होने के लिए आया हूं, मुझे गिरफ्तार करो। CJP ने 'X' पोस्ट के जरिए यह भी जानकारी दी कि पार्टी की लीगल अफेयर्स हेड रत्ना सिंह को भी हिरासत में लिया गया है। वहीं, दूसरी ओर मुंबई पुलिस ने महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को डिटेन कर लिया है। वह अगस्त क्रांति मैदान की तरफ जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें डिटेन किया।

इससे पहले शनिवार सुबह ही पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया था। ध्रुव राठी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी द्वारा जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए दिल्ली आए थे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस भी अलर्ट पर है।

Updated on:
10 Oct 2026 12:59 pm
Published on:
10 Oct 2026 12:59 pm