
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)
रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन का आगाज रविवार (11 अक्टूबर) से होने जा रहा है। जम्मू-कश्मीर इस बार अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। आइए जानते हैं रणजी ट्रॉफी में कुल कितनी टीमें लेती हैं? यह मैच किस फॉर्मेट में खेला जाता है?
रणजी ट्रॉफी में कुल 38 टीमें हिस्सा लेती हैं। 38 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाता है। एलीट ग्रुप में कुल 32 टीमों को शामिल किया जाता है, जबकि प्लेट ग्रुप में छह टीमों को रखा जाता है। प्लेट ग्रुप में उन टीमों को रखा जाता है, जो आमतौर पर नई या फिर प्रदर्शन के मामले में कम अनुभवी होती हैं।
रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के लिए अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड और सिक्किम की टीम को प्लेट ग्रुप में जगह दी गई है। प्लेट ग्रुप में अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम को अगले सीजन एलीट ग्रुप में प्रमोट किया जाता है। वहीं, एलीट ग्रुप में रहकर खराब प्रदर्शन करने वाली टीम को प्लेट ग्रुप में भेज दिया जाता है।
एलीट ग्रुप में मौजूद 32 टीमों को चार ग्रुप में बांटा जाता है। यानी एक ग्रुप में 8 टीमें होती हैं। हर टीम बाकी 7 टीमों के खिलाफ खेलती है। हर ग्रुप से टॉप की दो टीमें अपने प्रदर्शन के आधार पर क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल करती हैं।
क्वार्टर फाइनल में दमदार प्रदर्शन करने के बाद 4 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाती है। वहीं, सेमीफाइनल जीतकर 2 टीमें फाइनल में जगह बनाती हैं, जिनके बीच खिताबी मुकाबला खेला जाता है। पिछले सीजन जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक ने फाइनल में जगह बनाई थी, जहां जम्मू-कश्मीर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार खिताब को अपने नाम किया था।
रणजी ट्रॉफी में एक मैच जीतने पर कुल 6 अंक मिलते हैं। वहीं, अगर कोई टीम एक पारी या फिर 10 विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रहती है, तो उस टीम को 7 अंक मिलते हैं। रणजी ट्रॉफी में मैच ड्रॉ होने पर भी नियम थोड़े अलग हैं। मैच ड्रॉ होने पर अगर एक टीम ने पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल की होती है, तो उस टीम को 3 अंक दिए जाते हैं। पहली पारी के आधार पर पिछड़ने वाली टीम को मैच ड्रॉ होने पर एक अंक ही मिलता है। अब अगर मैच पहली पारी बिना हुए ही समाप्त हो जाता है, तो इस स्थिति में दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलता है।
रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट मुकाबलों में अगर मैच ड्रॉ रहता है, तो इस स्थिति में पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करने वाली टीम को विजेता घोषित कर दिया जाता है। उदाहरण के तौर पर रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन के फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल की थी। यही कारण रहा कि मैच ड्रॉ रहने के बावजूद जम्मू-कश्मीर को विजेता घोषित किया गया।
Updated on:
10 Oct 2026 07:35 pm
Published on:
10 Oct 2026 07:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
