
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे करीब 1,000 लोगों को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने CJP संस्थापक अभिजीत दीपके, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और दुर्गेश पाठक के साथ कई AAP नेताओं को हिरासत में लिया है। वहीं, पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में निर्वाचन आयोग के कार्यालय के बाहर मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर प्रदर्शन कर रहे AAP के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
AAP नेता चंडीगढ़ में निर्वाचन आयोग के कार्यालय के बाहर कथित 'वोट चोरी' और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। यह प्रदर्शन युवा संगठनों की ओर से आयोजित किया गया था, जिसे AAP ने समर्थन दिया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए नागरिकों के मतदान के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस और CRPF ने हिरासत में लिया है। ममता बनर्जी अपने मुंह पर बैंड-ऐड लगाकर विरोध-प्रदर्शन कर रही थीं। TMC ने यह जानकारी दी है। ममता बनर्जी ने अपने मुंह पर बैंड-ऐड चिपका कर उनकी आवाज दबाए जाने के खिलाफ सांकेतिक विरोध किया।
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके, पार्टी प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था। दिल्ली पुलिस के जवान IGI एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद उस विमान के अंदर गए और तीनों को हिरासत में ले लिया।
दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि दिल्ली पुलिस की टीम फ्लाइट के अंदर आती दिख रही है और उन्हें सौरव दास और आशुतोष रांका के साथ फ्लाइट से ही हिरासत में लिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में दिपके पुलिस से कहते हुए सुने गए कि मैं यहां गिरफ्तार होने के लिए आया हूं, मुझे गिरफ्तार करो।
CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली की सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने कई कदम उठाए हैं। भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली पहुंचने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया और कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव किया। वहीं, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने 45 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई। सीजेपी के एक्स अकाउंट पर किए गए पोस्ट के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे सादे कपड़ों में लगभग 50 पुलिसकर्मी ध्रुव राठी के आवास पर पहुंचे और उन्हें एहतियातन हिरासत में ले लिया।
Updated on:
10 Oct 2026 05:10 pm
Published on:
10 Oct 2026 05:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
