Patrika+

गर्मी से धधक रही धरती: इतिहास का सबसे गर्म महीना रहा अक्टूबर 2026, लगातार तीसरे महीने 1.5 डिग्री बढ़ा तापमान

धरती का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। पिछला महीना इतिहास का सबसे गर्म अक्टूबर रहा है।
3 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 7:13 PM IST
earth temperature is rising
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Janani)

धरती का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। यूरोपीय संघ की जलवायु निगरानी एजेंसी कोपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विस (C3S) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, अक्टूबर-2026 वैश्विक स्तर पर अब तक का सबसे गर्म अक्टूबर रहा है। इस महीने में औसत सतही वायु तापमान 15.35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह 1991-2020 के औसत से 0.90 डिग्री अधिक है। इसने 2023 में बने 0.85 डिग्री के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

औद्योगिक काल से अक्टूबर का तापमान 1.75 डिग्री ऊपर

पूर्व-औद्योगिक काल (1850-1900) से तुलना करें तो अक्टूबर का तापमान 1.75 डिग्री अधिक रहा और यह लगातार तीसरा महीना है, जब तापमान 1.5 डिग्री की सीमा से ऊपर रहा। एजेंसी के अनुसार अगस्त 2026 से पहले ऐसा आखिरी बार नवंबर 2025 में हुआ था। पिछले 12 महीनों (नवंबर 2025 से अक्टूबर 2026) का औसत भी पूर्व-औद्योगिक स्तर से 1.51 डिग्री ऊपर रहा।

महासागर भी रिकॉर्ड गर्म

सिर्फ हवा ही नहीं, समुद्र भी तप रहे हैं। ध्रुवीय क्षेत्रों को छोड़कर बाकी महासागरों का औसत सतही तापमान 20.95 डिग्री रहा, जो अक्टूबर का सर्वोच्च स्तर है और लगातार चौथा महीना है जब कोई रिकॉर्ड बना। इसकी बड़ी वजह तेजी से मजबूत होता अल नीनो है।

कोपरनिकस के अनुसार प्रशांत महासागर के नीनो 3.4 क्षेत्र का तापमान 29.94 डिग्री के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया, जिसने 1982-83, 1997-98 और 2015-16 के बेहद मजबूत अल नीनो के शिखर को भी पीछे छोड़ दिया। विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) का अनुमान है कि अल नीनो दिसंबर 2026 में चरम पर होगा और फरवरी 2027 तक बना रहेगा।

2026 दूसरा सबसे गर्म साल बनने की राह पर

जनवरी से अक्टूबर तक के आंकड़ों में 2026 अभी दूसरे पायदान पर है। यह अवधि 1991-2020 के औसत से 0.64 डिग्री ऊपर रही, जो 2024 की इसी अवधि से 0.07 डिग्री कम और 2023 से 0.05 डिग्री अधिक है।

कोपरनिकस के सांख्यिकीय मॉडल के अनुसार पूरे साल का तापमान पूर्व-औद्योगिक स्तर से 1.56 से 1.61 डिग्री ऊपर रह सकता है। मॉडल के मुताबिक 2026 के दूसरा सबसे गर्म साल रहने की संभावना करीब 80 प्रतिशत है, जबकि 2024 के रिकॉर्ड की बराबरी करने या उसे पार करने की संभावना लगभग 20 प्रतिशत है।

1.5 डिग्री से ऊपर तापमान का क्या मतलब है?

कोपरनिकस के अनुसार 2026 के 1.5 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना 99 प्रतिशत से भी ज्यादा है। यह 2024 के बाद दूसरा कैलेंडर वर्ष होगा, जब ऐसा होगा। साल 2023 से 2025 का औसत पहले ही 1.5 डिग्री से ऊपर है। इसलिए 2023-2026 का 4 साल का औसत भी इस सीमा को पार कर जाएगा।

हालांकि पेरिस समझौते की 1.5 डिग्री की सीमा दीर्घकालिक औसत पर लागू होती है। इसलिए एक महीने या एक साल के आंकड़े का मतलब यह नहीं कि समझौते का लक्ष्य टूट चुका है। लेकिन वैज्ञानिकों के लिए यह चेतावनी है कि धरती इस सीमा के कितने करीब पहुंच चुकी है।

यूरोप और अन्य क्षेत्रों की तस्वीर

यूरोप में अक्टूबर दूसरा सबसे गर्म रहा, जहां जमीनी औसत तापमान 1991-2020 के औसत से 1.49 डिग्री अधिक था। सबसे ज्यादा असामान्य गर्मी पश्चिमी अंटार्कटिका में दिखी, जहां तापमान औसत से 7 डिग्री और कुछ जगह 11 डिग्री तक ज्यादा रहा। साइबेरिया, मध्य अमेरिका, उत्तरी कनाडा, पूर्वी अफ्रीका और पश्चिम एशिया में भी गर्मी सामान्य से ऊपर रही। दूसरी ओर दक्षिणी दक्षिण अमेरिका में तापमान औसत से कम रहा।

मौसम वैज्ञानिकों ने जताई चिंता

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मजबूत अल नीनो के चलते आने वाले महीनों में भी तापमान ऊंचा रह सकता है। भारत जैसे देशों के लिए इसके मायने मानसून के बदलते मिजाज, लू और कृषि पर दबाव के रूप में सामने आ सकते हैं। जलवायु विशेषज्ञ लगातार जोर दे रहे हैं कि उत्सर्जन में तेज कटौती ही इस रुझान को थाम सकती है।

Updated on:
10 Nov 2026, 7:13 PM IST
Published on: