Patrika+

भारत-न्यूजीलैंड FTA लागू: किसानों और MSME सेक्टर को वैश्विक बाजारों में मिलेगी व्यापक पहुंच, क्या होगा फायदा?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) आज से लागू हो गया है। यह समझौता लागू होने से रोजगार और कारोबार के रास्ते खुलेंगे। इसके साथ ही निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
2 min read
• •
Oct 20, 2026
India and Newzealand FTA
भारत-न्यूजीलैंड FTA लागू (सोर्स- IANS)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) आज (20 अक्टूबर 2026) से लागू हो गया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) लागू होने से MSME, किसानों और श्रम-प्रधान क्षेत्रों को न्यूजीलैंड के बाजार में व्यापक पहुंच मिलेगी। साथ ही भारतीय निर्यात को 100 प्रतिशत शुल्क-मुक्त बाजार पहुंच मिलेगी, जबकि डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को पूरी तरह संरक्षण दिया गया है।

भारत-न्यूजीलैंड FTA से क्या फायदा होगा?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) आज से लागू हो गया है। यह समझौता भारतीय एमएसएमई, किसानों और श्रम-प्रधान क्षेत्रों को न्यूजीलैंड के बाजार में व्यापक पहुंच प्रदान करेगा। साथ ही भारतीय निर्यात को 100 प्रतिशत शुल्क-मुक्त बाजार पहुंच मिलेगी, जबकि डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को पूरी तरह संरक्षण दिया गया है।

किसानों, महिलाओं, युवाओं को मिलेगा फायदा

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारतीय निर्यात को 100 प्रतिशत ड्यूटी-फ्री पहुंच मिलने से MSME, किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रम-प्रधान उद्योगों के लिए नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा- यह समझौता हमारे पेशेवरों के लिए भी नए अवसरों के द्वार खोलेगा, जबकि भारत के मूलभूत हित पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे।

गोयल ने कहा कि भारतीय किसानों को फलों, सब्जियों, मसालों और अन्य कृषि उत्पादों के लिए अधिक बाजार पहुंच मिलेगी। इसके साथ ही उत्पादकता बढ़ाने, किसानों की आय मजबूत करने और आजीविका को बेहतर बनाने के लिए सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डेयरी सहित संवेदनशील क्षेत्रों को पूरी तरह संरक्षित रखा गया है और किसानों के कल्याण को इस समझौते के केंद्र में रखा गया है।

भारत-न्यूजीलैंड FTA सच्ची 'विजय'

पीयूष गोयल ने कहा कि विजयादशमी के शुभ अवसर पर भारत और न्यूजीलैंड अपनी आर्थिक साझेदारी के नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। भारत-न्यूजीलैंड FTA का लागू होना, दोनों देशों के लिए एक सच्ची 'विजय' है। गोयल ने यह भी कहा कि न्यूजीलैंड अब 'मेड इन इंडिया' जेसीबी मशीनों का उपयोग करेगा।

गोयल ने महाराष्ट्र के पुणे में निर्मित पहली JCB मशीन के न्यूजीलैंड निर्यात को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि यह समझौता भारतीय विनिर्माण क्षेत्र के लिए नए अवसर पैदा कर रहा है। इससे पहले, वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापार समझौते केवल शुल्क कम करने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे व्यापार, निवेश और आपूर्ति श्रृंखला के एकीकरण को बढ़ावा देने वाली गहरी और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारियां स्थापित करते हैं।

FTA का उद्देश्य आर्थिक साझेदारी बनाना

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि FTA का उद्देश्य मजबूत आर्थिक साझेदारी बनाना है। अग्रवाल ने कहा कि ऐसे समझौते नियामकीय मंजूरियों की प्रक्रिया को तेज करते हैं और दोनों देशों के बीच कारोबार सुगमता को भी बढ़ाते हैं।

सरकार का मानना है कि भारत-न्यूजीलैंड FTA द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देगा और आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार को दोगुना करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, यह समझौता कृषि, विनिर्माण, बुनियादी ढांचा और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में न्यूजीलैंड से भारत में 20 अरब डॉलर तक के निवेश का मार्ग भी प्रशस्त करेगा।

सेवा क्षेत्र में FTA का महत्व

सेवा क्षेत्र के लिए भी यह समझौता महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूचना प्रौद्योगिकी, पेशेवर सेवाएं, निर्माण, पर्यटन और ऑडियो-विजुअल सेवाओं के क्षेत्र में भारतीय कंपनियों को न्यूजीलैंड के बाजार में व्यापक अवसर प्राप्त होंगे। भारतीय फार्मास्यूटिकल और मेडिकल डिवाइस निर्यातकों को भी इसका लाभ मिलेगा, क्योंकि न्यूजीलैंड अब वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त नियामकों द्वारा जारी निरीक्षण मंजूरियों को स्वीकार करेगा। इससे अनुपालन प्रक्रिया कम होगी और बाजार तक पहुंच तेज हो सकेगी।

Updated on:
20 Oct 2026 01:26 pm
Published on:
20 Oct 2026 01:26 pm