
प्रतिवर्ष 16 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस (International Day for Tolerance) मनाया जाता है। यह महज एक दिवस नहीं, बल्कि मानवता को आपसी सम्मान, सद्भाव और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का संदेश देने वाला अवसर है। दुनिया में भाषा, धर्म, संस्कृति, विचार, रहन-सहन और जीवनशैली की विविधता मानव सभ्यता की सबसे बड़ी खूबसूरती है।
हर व्यक्ति के सोचने, समझने और अपनी बात रखने का तरीका अलग हो सकता है। यही भिन्नताएं समाज को समृद्ध बनाती हैं। लेकिन जब इन्हीं आधारों पर भेदभाव, नफरत और टकराव पैदा होने लगते हैं, तो सामाजिक एकता और शांति प्रभावित होती है। ऐसे में सहिष्णुता का महत्व बढ़ जाता है। सहिष्णुता का अर्थ केवल दूसरों की बात बर्दाश्त करना नहीं, बल्कि उनके विचारों, मान्यताओं, संस्कृति और अधिकारों का सम्मान करना भी है। इस दिवस का उद्देश्य दुनिया में शांति, समानता, सद्भाव और आपसी समझ को बढ़ावा देना है।
आज के दौर में युद्ध, धार्मिक कट्टरता, नस्लीय भेदभाव, आतंकवाद, सांप्रदायिक तनाव और सोशल मीडिया पर फैलती नफरत के दौर में इसका महत्व और बढ़ गया है। विचारों में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन उन्हें मनभेद और संघर्ष में बदलने से रोकना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। सहिष्णुता ही स्वस्थ लोकतंत्र, सामाजिक एकता और विश्व शांति की मजबूत बुनियाद है।
वर्ष 1995 में संयुक्त राष्ट्र ने इसे ‘संयुक्त राष्ट्र सहिष्णुता वर्ष’ के रूप में मनाया। इसी वर्ष 16 नवंबर को पेरिस में आयोजित यूनेस्को के 28वें महासम्मेलन में सदस्य देशों ने ‘सहिष्णुता के सिद्धांतों की घोषणा’ स्वीकार की। यूनेस्को की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ पर हुई इस घोषणा का उद्देश्य नस्लीय नफरत, धार्मिक कट्टरता, हिंसा, आतंकवाद, विदेशी नागरिकों के प्रति भेदभाव और सामाजिक बहिष्कार जैसी चुनौतियों का मुकाबला करना था।
इसके बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 12 दिसंबर 1996 को प्रस्ताव संख्या 51/95 पारित कर 16 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस घोषित किया। साथ ही सदस्य देशों से शैक्षणिक संस्थानों और आम जनता के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया। यह दिवस मानव गरिमा, समानता, स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के प्रति वैश्विक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
आम बोलचाल में सहिष्णुता का अर्थ अक्सर किसी दूसरे की बात चुपचाप सह लेना समझा जाता है, जबकि इसका दायरा कहीं अधिक व्यापक है। यूनेस्को की 1995 की घोषणा के अनुसार, सहिष्णुता का अर्थ विभिन्न संस्कृतियों, अभिव्यक्ति के तरीकों और जीवन की विविधताओं का सम्मान करना, उन्हें स्वीकार करना और उनका महत्व समझना है। इसका मतलब अपने विचारों या मान्यताओं को छोड़ना नहीं, बल्कि दूसरों के विचारों, विश्वासों और पसंद के अनुसार जीवन जीने के अधिकार का सम्मान करना है।
असहमति का अर्थ किसी का अपमान करना या उस पर अपनी मान्यता थोपना नहीं है। सहिष्णुता कमजोरी या विवशता भी नहीं है। यह अन्याय, शोषण, हिंसा और मानवाधिकारों के उल्लंघन को स्वीकार नहीं करती, बल्कि इनके खिलाफ आवाज उठाने और सबके अधिकारों की रक्षा करने की प्रेरणा देती है। लोकतंत्र में असहमति का सम्मान और संवाद से समाधान इसकी बुनियादी शर्तें हैं।
भारत की सभ्यता और संस्कृति में सहिष्णुता का विशेष स्थान रहा है। यहां सदियों से विभिन्न भाषाओं, धर्मों, संप्रदायों और परंपराओं के लोग साथ रहते आए हैं। भारतीय चिंतन का ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ पूरी दुनिया को एक परिवार मानने की सीख देता है, जबकि ऋग्वेद का ‘एकं सद्विप्रा बहुधा वदन्ति’ सत्य को अलग-अलग दृष्टिकोणों से समझने की उदारता दर्शाता है।
सम्राट अशोक के शिलालेख दूसरे धर्मों के प्रति सम्मान और संयमित व्यवहार का संदेश देते हैं। भक्ति और सूफी परंपराओं ने प्रेम, करुणा, समानता और एकता को बढ़ावा दिया। कबीर, गुरु नानक और संत रविदास ने जाति-धर्म से ऊपर उठकर इंसानियत को महत्व दिया। महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सर्वधर्म समभाव के विचार भी इसी विरासत को आगे बढ़ाते हैं। इसी भावना को वैश्विक पहचान देते हुए यूनेस्को ने 1995 में ‘यूनेस्को-मदनजीत सिंह पुरस्कार’ शुरू किया।
महात्मा गांधी की 125वीं जयंती से प्रेरित यह पुरस्कार सहिष्णुता और अहिंसा को बढ़ावा देने में असाधारण योगदान के लिए व्यक्तियों या संस्थाओं को हर दो वर्ष में दिया जाता है। भारतीय राजनयिक, लेखक और यूनेस्को सद्भावना दूत मदनजीत सिंह ने इसकी स्थापना में सहयोग दिया था।भारतीय संविधान भी इस भावना को कानूनी आधार देता है। अनुच्छेद 14 समानता, 15 भेदभाव का निषेध, 19 अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अनुच्छेद 25 से 28 धार्मिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करते हैं। इस तरह विविधता का सम्मान भारत का सामाजिक आदर्श ही नहीं, संवैधानिक प्रतिबद्धता भी है।