
वैश्विक स्तर पर ज्वेलरी और निवेश के लिए सोने की मांग में 2026 की तीसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में क्रमश:19 प्रतिशत और 14 प्रतिशत की कमी देखने को मिली है। यह जानकारी वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों में दी गई है।
डब्ल्यूजीसी ने बताया कि वैश्विक स्तर पर 2026 की तीसरी तिमाही में ज्वेलरी के लिए सोने की मांग सालाना आधार पर 19 प्रतिशत घटकर 340.1 टन हो गई है, जो कि पिछले वर्ष की समान अवधि में 420.0 टन थी। इसके साथ ही रिपोर्ट में कहा कि इस दौरान निवेश के लिए भी सोने की मांग में कमी देखने को मिली है। यह सालाना आधार पर 14 प्रतिशत कम होकर 479.0 टन हो गई है, जो कि पिछले वर्ष की समान अवधि में 554.3 टन थी।
निवेश कैटेगरी में बार और कॉइन की मांग सालाना आधार पर 19 प्रतिशत कम होकर 267.8 टन हो गई है, जो कि पिछले वर्ष की समान अवधि में 328.6 टन थी। वहीं, गोल्ड ईटीएफ (Exchange traded funds) के जरिए सोने की मांग सालाना आधार पर 6 प्रतिशत कम होकर 211.2 टन हो गई है, जो कि पिछले वर्ष की समान अवधि में 225.7 टन थी।
केंद्रीय बैंकों की ओर से सोने की लगातार खरीद जारी है। WGC के मुताबिक, दुनिया के केंद्रीय बैंकों और अन्य संस्थानों ने 2026 की तीसरी तिमाही में 321.2 टन सोना खरीदा है, जो कि पिछले वर्ष की समान अवधि के 226.3 टन से 42 प्रतिशत अधिक है।
वहीं, दुनिया में कुल सोने की मांग 2026 की तीसरी तिमाही में 1,368.6 टन रही है, जो कि पिछले वर्ष की समान अवधि के आंकड़े 1,383.2 टन से सालाना आधार पर एक प्रतिशत कम है। WGC के मुताबिक, 2026 की तीसरी तिमाही में खदानों से सोने का उत्पादन 1,070.9 टन रहा है, जो कि 2025 की तीसरी तिमाही के उत्पादन 1,040.7 टन से 3 प्रतिशत अधिक है।
इंटरनेशनल मार्केट यानी Comex पर सोने-चांदी की कीमतों में फिर गिरावट दिखी है। सोमवार बाजार में रिकवरी के बाद आज यानी मंगलवार 3 नवंबर को Comex पर सोना 0.39% तक टूट गया और 3954.00 डॉलर प्रति औस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, चांदी के दाम 1.39% तक गिरे और ऐसे में कीमत 50.180 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखी।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने में 1200 रुपए की गिरावट आई है और कीमत ₹1,39,045 (gold price today) प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया। वहीं चांदी की बात करें तो इसमें 3800 रुपए की गिरावट देखी गई और कीमत ₹1,80,001 प्रति किलोग्राम (silver price today) पर पहुंच गई।