
आज यानी 19 अक्टूबर को 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' फ्रैंचाइजी को 14 साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर फिल्ममेकर करण जौहर ने बड़ी घोषणा की है। करण जौहर ने 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' फ्रैंचाइजी के नए चैप्टर का ऐलान कर दिया है। नए चैप्टर क टाइटल 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' है। इस चैप्टर में शनाया कपूर अहम भूमिका में नजर आएंगी।
करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम पर 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क' का एलान करते हुए शनाया कपूर का फर्स्ट लुक जारी किया है। फर्स्ट लुक में शनाया किसी पार्टी में डांस करती हुई दिखाई देती है। इसके बाद सीन शिफ्ट होता है और वह खुली नजरों के साथ फीज होती दिखती हैं। फर्स्ट लुक इस बात का इशारा है कि कहानी उस फ्रैंचाइजी से काफी अलग होने वाली है। सोशल मीडिया पर इस घोषणा को साझा करते हुए, करण ने फ्रैंचाइजी के सफर को याद किया और इसके नए मोड़ की झलक दी।
फिल्ममेकर करण जौहर ने इसे साझा करते हुए कैप्शन में लिखा- इस हफ्ते पुरानी यादें कुछ ज्यादा ही ताजा हो रही हैं। हमारी चहेती SOTY फ्रैंचाइजी के 14 साल पूरे होने पर हम इसे एक नए सफर पर आगे ले जा रहे हैं, जो अब है 'आफ्टर डार्क', एकदम रॉ, खूंखार, बेबाक और पूरी तरह से पागलपन से भरा, तैयार हो जाइए! हॉटस्टार स्पेशल: स्टूडेंट ऑफ द ईयर - आफ्टर डार्क, 13 नवंबर से, सिर्फ जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा।
इस बार मेकर्स इस फ्रैंचाइजी को एक बिल्कुल अलग तरह से पेश करने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीरीज से अपना डिजिटल डेब्यू कर रहीं शनाया इसमें डबल रोल निभाती नजर आएंगी। रीमा माया की निर्देशित और धर्माटिक एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित इस शो से करण एक बार फिर प्रोड्यूसर के तौर पर लौटे हैं और एक ऐसे प्रोजेक्ट को सपोर्ट कर रहे हैं, जो पिछली फिल्मों के ग्लॉसी कॉलेज ड्रामा से बिल्कुल अलग है।
करण जौहर के निर्देशन में बनी फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' साल 2012 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म से आलिया भट्ट, वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने बॉलीवुड में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। यह फिल्म कॉलेज लाइफ, दोस्ती, प्यार, प्रतिस्पर्धा और युवाओं के सपनों पर आधारित।
फिल्म अपने स्टाइलिश कैंपस, शानदार लोकेशंस, फैशनेबल आउटफिट्स और लोकप्रिय गानों के कारण युवाओं के बीच खासा चर्चित रही। फिल्म के गाने 'राधा', 'इश्क वाला लव' और 'डिस्को दीवाने' दर्शकों को खूब पसंद आए।
इसके बाद साल 2019 में इसका सीक्वल 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2' रिलीज हुआ, जिसका निर्देशन पुनीत मल्होत्रा ने किया था। इसमें टाइगर श्रॉफ के साथ अनन्या पांडे और तारा सुतारिया मुख्य भूमिकाओं में नजर आईं। इस फिल्म से अनन्या और तारा ने बॉलीवुड में कदम रखा। दोनों फिल्मों में कॉलेज की जिंदगी, रोमांस, दोस्ती और प्रतिस्पर्धा को ग्लैमरस अंदाज में पेश किया गया।