दिल्ली में आज उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है भाजपा नई दिल्ली लोकसभा सीट से चल रहा गौतम गंभीर का नाम दिल्ली में सभी सांसदों को चुनाव लड़ाने के पक्ष में है पार्टी!
नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर भारतीय जनता पार्टी रविवार को दिल्ली में उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है। यहां पिछले 15 दिनों से उम्मीदवारों को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। माना जा रहा है कि आज भाजपा नेतृत्व दिल्ली की सातों सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है। आपको बता दें कि दिल्ली में 12 मई को मतदान होना है। ऐसे में जहां आम आदमी पार्टी दिल्ली की सभी सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है, वहीं कांग्रेस चार सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। जबकि प्रत्याशियों की घोषणा करने में पिछड़ी भाजपा के अगले कदम पर लोगों की नजरें टिकी हैं। जानकारों का तो यहां तक मानना है कि एक या दो सीटों को छोड़कर भाजपा पुराने खिलाड़ियों को ही चुनावी मैदान में उतारेगी।
16 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया शुरू
दिल्ली में होने वाले चुनाव के लिए 16 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। अब चूंकि नामांकन प्रकिया शुरू होने में दो ही दिन शेष हैं तो इसे ध्यान में रखकर अब भाजपा प्रत्याशियों का ऐलान कर सकती है। भाजपा नेताओं के अनुसार इस बार पार्टी सभी सांसदों को चुनाव लड़ाने के पक्ष में है। वहीं, नई दिल्ली लोकसभा सीट से इंडियन क्रिकेट टीम के धुंरधर खिलाड़ी रहे गौतम गंभीर को चुनाव लड़ाने की चर्चा जोरों पर है। अगर पार्टी यह निर्णय लेती तो ऐसी स्थिति में मीनाक्षी लेखी का टिकट कट सकता है।
31 दावेदारों का नाम पार्टी नेतृत्व को भेजे
सूत्रों के अनुसार दिल्ली भाजपा इकाई ने लोकसभा की सातों सीटों के लिए कुल 31 दावेदारों का नाम पार्टी नेतृत्व को भेजे हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा ने राजधानी की सियासी गतिविधियों को बारीकि से अध्ययन कर रही थी। खासकर भाजपा नेतृत्व की नजर कांग्रेस और आप के बीच संभावित गठबंधन पर टिकी थी। अब चूंकि दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की संभावनाएं न के बराबर है। ऐसे में पार्टी उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है।
Indian Politics से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..
Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ातरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download patrika Hindi News App.