दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिली हार सिर्फ 8 सीटों पर सिमट गई भाजपा मनोज तिवारी ने 48 सीटों का किया था दावा
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Elections ) में बीजेपी को 8 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा है। पार्टी अपनी हार को लेकर लगातार आत्ममंथन करने में जुटी है। पार्टी के शीर्ष नेता हार की समीक्षा के लिए बैठकें कर रहे हैं। वहीं दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी (Bjp President Manoj Tiwari ) हार स्वीकार करते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की है। हालांकि पार्टी आलाकमान ने मनोज तिवारी को पद पर बने रहने को कहा है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव के चलते भाजपा संगठन के चुनाव को रोका गया था। अब संगठन चुनाव के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति होगी।
विधानसभा चुनाव में आप को 62 सीटें
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 62 सीटें मिली हैं। जबकि भारतीय जनता पार्टी 8 सीटों पर सिमट गई है। वहीं कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाई। दरअसल मनोज तिवारी ने 70 सीट वाली विधानसभा में भाजपा को 48 सीटें जीतने का दावा किया था।
वर्ष 2015 में आप को मिली थी 67 सीटें
यहां तक कि मंगलवार को चुनाव परिणाम के दिन मनोज तिवारी ने कहा था कि भाजपा को 55 सीटें भी आ जाए तो आपलोग आश्चर्यचकित नहीं होना। लेकिन चुनाव परिणाम मनोज तिवारी के दावे के ठीक विपरित आया। आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिला। वर्ष 2015 के रिकॉर्ड को पीछा करते हुए आम आदमी पार्टी ने 5 सीटें कम 62 सीटें हासिल की। वहीं बीजेपी को इस बार पांच सीटें ज्यादा मिलीं।