
नई दिल्ली: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में अपने समकक्ष श्रीलंका के विदेश मंत्री तिलक मारापना से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के विदेश मंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा की। श्रीलंका के विदेश मंत्री तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट कर कहा कि निकट और ऐतिहासिक द्विपक्षीय संबंधों के निर्माण में ये मुलाकात अहम है।
पीएम मोदी से मिले श्रीलंका के विदेश मंत्री मारापना
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि दोनों देशों के विदेश मंत्री के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में हालिया उच्च स्तरीय यात्राओं के दौरान हुए समझौते और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई। श्रीलंका के विदेश मंत्री तिलक मारापना ने प्रधानमंत्री आवास लोक कल्याण मार्ग पर पीएम मोदी से भी मुलाकात की। इस दौरान श्रीलंका के द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा गई।
हाल ही मिले थे दोनों विदेश मंत्री
गौरतलब है कि कोलंबो में दोनों नेताओं की इसी महीने की शुरुआत में दूसरे भारतीय महासागर सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई थी। पिछले माह श्रीलंका के विदेश मंत्री का पदभार संभालने वाले मारापना शुक्रवार को भारत की दो दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचे हैं। रविवार को श्रीलंका के विदेश मंत्री मारापना स्वदेश लौट जाएंगे।
रूस दौरे पर थी सुषमा
इससे पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तीन दिवसीय दौरे पर रूस पहुंची थी। दौरे के दौरान पूर्वी आर्थिक मंच में हिस्सा लिया| इसमें वैश्विक व्यापार से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई। सुषमा अपने रूसी समकक्ष सेरगेई लावरोव के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की । जिसमें व्यापार, निवेश और रक्षा सहयोग से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई आपको बता दें कि पूर्वी आर्थिक मंच को कारोबारी नेताओं और रूस, प्रशांत क्षेत्र एवं आसियान के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधिनियों के बीच सहयोग का सबसे बड़ा अंतर्राष्ट्रीय संचार मंच माना जाता है|