
नई दिल्ली। स्पेन के बार्सिलोना और केम्ब्रिल्स में गुरुवार को हुए आतंकी हमले में किसी भी भारतीय के मारे जाने की अभी तक कोई खबर नहीं आई है। घटना के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमले में किसी भी भारतीय के मारे जाने की कोई खबर नहीं है। सुषमा ने ट्वीट में लिखा कि वह स्पेन स्थित भारतीय दूतावास के लगातार संपर्क में हैं। इसके साथ ही स्पेन में भारतीय दूतावास ने किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए एक नबंर भी जारी किया है। उसकी ओर से कहा गया है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में इस नंबर पर +34-608769335 संपर्क किया जा सकता है।
वैन ने कई लोगों को कुचला
दरअसल, स्पेन का बार्सिलोना शहर में भीड़ वाली जगह पर आतंकियों ने एक वैन से कई लोगों को कुचल दिया। सिटी सेंटर के पास हुई घटना में अभी तक 13 लोगों के मारे जाने की खबर है। इसके साथ ही 100 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। स्पेन की पुलिस ने इसे आतंकी हमला बताया है। पुलिस ने ट्विटर पर इस घटना को भयावह बताया। बताया जा रहा क्रैश होने के बाद दो हमलावर हथियारों के साथ वहां के एक रेस्त्रां में घुस गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल वाली जगह पर पुलिस की गाडयि़ां और ऐंबुलेंस मौके पर हैं। वहीं एक स्थानीय पत्रकार का कहना है कि बंदूक चलने की आवाज भी सुनी गई है। माना जा रहा है कि वैन में मौजूद हमलावरों ने वहां पैदल चल रहे लोगों को मारने की कोशिश की है। चश्मदीदों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इस इलाके में वैन के पहुंचने के बाद से लोगों में अफरातफरी मच गई।
मेट्रो स्टेशन बंद किए गए
हमले की सूचना के बाद बार्सिलोना के मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। बता दें कि जुलाई 2016 से ही पूरे यूरोप में कई बार आतंकी हमलों में गाडिय़ों का इस्तेमाल लोगों को कुचलने के लिए किया गया है। फ्रांस के नीस, बर्लिन, लंदन और स्टॉकहोम में हुई ऐसी ही वारदातों में 100 से ज्यादा लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। हाल के हफ्तों में बार्सिलोना में पर्यटकों के खिलाफ हमले की धमकी मिलती रही है। बार्सिलोना में हर साल 1.10 करोड़ पर्यटक आते हैं।
13 की मौत,100 से अधिक घायल
बार्सिलोना के रमब्लास में पर्यटकस्थल में एक वैन ने भीड़ को टक्कर मारी है. स्पेनिश पुलिस का कहना है कि इस जबर्दस्त टक्कर में कई लोग जख्मी हुए हैं। बार्सिलोना की आपातकालीन सेवा ने लोगों से कहा है कि कैटलोनिया के आसपास नहीं आएं। घटनास्थल से आई रिपोर्ट के मुताबिक लोग पास की दुकानों और कैफे में थे। बता दें कि स्पेन का शहर बार्सिलोना और कैम्ब्रिल्स गुरुवार को दो आतंकी हमलों से दहल उठा। बार्सिलोना के सिटी सेंटर में आतंकियों की एक वैन ने कई लोगों को कुचल दिया। इसमें 13 लोगों की मौत हो गई है, और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। वहीं, दूसरा हमला केम्ब्रिल्स में हुआ। यहां भी लोगों के बीच वैन घुसाने की घटना हुई। इसमें 1 पुलिसकर्मी सहित 7 लोग घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 4 आतंकियों को मार गिराया है। वहीं, एक संदिग्ध आतंकी को घायल कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
Updated on:
18 Aug 2017 10:18 am
Published on:
18 Aug 2017 10:14 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
