
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की (फोटो- X@ZelenskyyUa)
Russia-Ukraine War: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बताया कि अक्टूबर के पहले दो हफ्तों में ही, रूस ने यूक्रेन के पावर ग्रिड के अहम हिस्सों को निशाना बनाते हुए 30 से ज्यादा हवाई और बैलिस्टिक मिसाइल हमले किए। इस बीच, अमेरिका ने यूक्रेन को रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों से बचाव के लिए 500 पैट्रियट PAC-3 मिसाइल इंटरसेप्टर खरीदने की मंजूरी दे दी है। ज़ेलेंस्की ने अमेरिका के इस फैसले का स्वागत किया है, लेकिन साथ ही हथियार आपूर्ति के समय को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने अमेरिका से आग्रह किया है कि वे बिना किसी देरी के तुरंत मिसाइलों की डिलीवरी शुरू करें।
ज़ेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सर्दियों से ठीक पहले ये हमले इसलिए किए हैं ताकि कड़ाके की ठंड में यूक्रेनी नागरिकों का मनोबल तोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि रूस के इन हमलों का मुख्य निशाना पावर प्लांट, हीटिंग ग्रिड, जलापूर्ति प्रणालियां और पुल हैं, जो शहरों में आम लोगों के जीवन को बनाए रखने के लिए जरूरी है। 15 दिनों के भीतर हुए 30 से ज्यादा हमलों ने देश के ऊर्जा वितरण नेटवर्क को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है, जिसके कारण कई इलाकों में ब्लैकआउट हो गई है।
500 PAC-3 इंटरसेप्टर खरीदने के लिए अमेरिकी विदेश विभाग की मंजूरी का स्वागत करते हुए यूक्रेनी राष्ट्रपति ने समझौते में तय की गई डिलीवरी समय सीमा पर चिंता जताई। ज़ेलेंस्की ने बताया कि मौजूदा अनुबंधों के तहत इन मिसाइलों की डिलीवरी शुरू होने में कई साल लग जाएंगे, जो कि चल रहे युद्ध को देखते हुए बिल्कुल भी व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि रूस लगातार तबाही मचा रहा है और यूक्रेन के बुनियादी ढांचे को नष्ट कर रहा है, इसलिए इन मिसाइलों की तत्काल जरूरत है।
ज़ेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने आने वाले सर्दियों के मौसम के लिए अमेरिकी प्रशासन से एक विशेष विंटर सपोर्ट पैकेज की मांग की है। इस प्रस्ताव के तहत यूक्रेन को प्रति माह 100 पैट्रियट मिसाइलें दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों से यूक्रेनी हवाई क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए 500 इंटरसेप्टर मिसाइलें काफी होंगी। उन्होंने कहा कि यह सुरक्षा कवच इसलिए भी बहुत जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी भी कूटनीतिक बातचीत के दौरान यूक्रेन कमजोर स्थिति में न रहे।
इन हथियारों की तुरंत आपूर्ति के लिए राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने बताया कि अमेरिका, यूरोपीय देशों और अन्य वैश्विक साझेदारों के पास अभी PAC-3 इंटरसेप्टर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने सुझाव दिया कि ये सहयोगी देश अपने मौजूदा भंडार से यूक्रेन को मिसाइलें दे सकते हैं। बाद में जब नई मिसाइलें उपलब्ध हो जाएंगी, तो उनका इस्तेमाल इन सहयोगी देशों के भंडार को फिर से भरने के लिए किया जा सकता है।
ज़ेलेंस्की ने इस डील की मंजूरी के लिए अमेरिकी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "हम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आभारी हैं। हमने हाल ही में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ PAC-3 इंटरसेप्टर को लेकर बहुत महत्वपूर्ण चर्चा की है। यूक्रेन इस मंजूरी के लिए अमेरिकी विदेश विभाग और पूरे अमेरिकी प्रशासन को धन्यवाद देता है।"
Updated on:
31 Oct 2026, 6:50 AM IST
Published on:
31 Oct 2026, 6:50 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.