शत्रुघ्न सिन्हा आज यानी शनिवार को कांग्रेस में शामिल होंगे। बिहारी बाबू औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। सिन्हा ने 28 मार्च को राहुल गांधी से मुलाकात की थी।
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता शत्रुघ्न सिन्हा आज यानी शनिवार को कांग्रेस में शामिल होंगे। शत्रुघ्न सिन्हा सुबह 11.30 बजे औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इससे पहले पहले सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने 28 मार्च को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि शॉटगन कांग्रेस के टिकट पर अपनी वर्तमान सीट पटना साहिब से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी से हुई पिछली मुलाकात में शुत्रघ्न सिन्हा कांग्रेस ज्वाइन करने के कार्यक्रम को टाल गए थे। इसका एक कारण यह भी है कि तब बिहार में राजद और कांग्रेस के बीच पेच फंसा हुआ था। अब चूंकि बिहार में सीट शेयरिंग का फार्मूला फाइनल हो चुका है तो बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने ट्वीट उनके पार्टी में शामिल होने की सूचना दी है। शक्ति सिंह गोहिल ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 अप्रैल को शत्रुघ्न सिन्हा औपचारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल होंगे।
आपको बता दें कि शॉटगन के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा फिलहाल बिहार की पटना साहिब सीट से सांसद हैं। शत्रुघ्न 2014 का लोकसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर जीते थे। लेकिन पिछले कुछ सालों से वह भाजपा नेतृत्व से नाराज चल रहे थे। यही नहीं नाराजगी के चलते उन्होंने बागी रुख अख्तियार करते हुए पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। यही कारण है कि पार्टी ने उनको दरकिनार करते हुए पटना साहिब सीट से इस बार केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को भाजपा से उम्मीदवार बनाया है।
23 मई को मतगणना
आपको बता दें कि 40 लोकसभा सीटों वाले बिहार में भाजपा और जेडीयू 17-17, जबकि लोजपा 6 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। यहां कुल 40 लोकसभा सीटों पर 7 चरणों में चुनाव होने हैं। बिहार में 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल, 29 अप्रैल, छह मई, 12 मई और 19 मई को मतदान होंगे। 23 मई को मतगणना होगी।