
नई दिल्ली। कोरोना संकट ( Coronavirus Crisis ) के बीच भाजपा हाईकमान ( BJP high command ) ने दिल्ली में बड़ा बदलाव कर दिया है।
BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ( BJP President JP Nadda ) ने मनोज तिवारी ( Manoj Tiwari ) को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ( Delhi BJP President ) पद से हटाते हुए उनकी जगह आदेश कुमार गुप्ता ( Adesh Kumar Gupta ) को पार्टी की कमान सौंप दी है।
इस बाबत पार्टी के महासचिव अरुण सिंह की ओर से अधिकारिक लेटर भी जारी कर दिया गया है। इसके अलावा भाजपा ने छत्तीसगढ़ और मणिपुर में भी पार्टी अध्यक्ष को बदल दिया है।
छत्तीसगढ़ में पार्टी के दिग्गज नेता विष्णुदेव साय को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि मणिपुर में एस टिकेंद्र सिंह को पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं, पार्टी द्वारा की गई कार्रवाई के बाद मनोज तिवारी ने ट्वीट कर दिल्ली के नए प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता को बधाई दी ट्वीट में उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में 3.6 साल के कार्यकाल में जो प्यार और सहयोग मिला, उसके लिए सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी व दिल्लीवासियों का सदैव आभारी रहूंगा। जाने-अनजाने में कोई त्रुटि हुई तो क्षमा करना।
आपको बता दें कि सांसद मनोज तिवारी की अगुवाई में भाजपा को दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा था। तभी से मनोज तिवारी की कुर्सी जानी तय मानी जा रही थी। उधर, चुनाव में हार के बाद ही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन पार्टी हाईकमान ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया था। हाल ही में सोशल मीडिया पर मनोज तिवारी का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह लॉकडाउन का खुला उल्लंघन करते नजर आए। इसके बाद भाजपा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनको पद से हटा दिया।
गौरतलब है कि आदेश कुमार गुप्ता दिल्ली एमसीडी के मेयर रहे हैं। उधर छत्तीसगढ़ के नव नियुक्त अध्यक्ष विष्णुदेव साय पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं।