शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे शिवनेरी कलश लेकर शनिवार को अयोध्या पहुंचेंगे। वीएचपी की 25 नवंबर को अयोध्या में विशाल धर्म सभा भी है।
नई दिल्ली। देश के शीर्ष अदालत द्वारा अयोध्या विवाद की सुनवाई अगले साल 19 जनवरी तक टालने के फैसले के बाद यह मामला अब गरमा गया है। खासकर विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और शिवसेना के अयोध्या कूच से लोगों को अनहोनी की आशंका घर करने लगा है। जहां एक तरफ अयोध्या में वीएचपी धर्मसभा को लेकर तैयारी तो शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के पहुचने से स्थिति तनावपूर्ण है। इन सबके बीच फैजाबाद व्यापार मंडल की ओर से धर्म सभा के विरोध का फैसले स्थिति बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है।
शिवनेरी कलश के साथ पहुंचेंगे ठाकरे
शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे 24 नवंबर को अयोध्या पहुंचेंगे। यहां उनका संतों से मिलने का कार्यक्रम है। उद्धव ने गुरुवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मस्थली शिवनेरी किले में पूजा-पाठ कर वहां की मिट्टी कलश में भरी। वह इस कलश लेकर शनिवार को अयोध्या जाएंगे। इसके अलावा उनकी जनसभा की भी योजना थी लेकिन यूपी सरकार ने इस बात की अनुमति नहीं दी। इसके बावजूद वो अयोध्या में दो दिनों तक व्यस्त रहेंगे और राम मंदिर से जुड़े प्रमुखों से बातचीत करेंगे। उनके इस कार्यक्रम को लेकर शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत पहले ही अयोध्या पहुंचकर बागडोर संभाल चुके हैं।
ठाणे से चला शिवसैनिकों का जत्था
हर हिंदू की यही पुकार, पहले मंदिर फिर सरकार के नारे के साथ हजारों शिवसैनिक गुरुवार को ठाणे स्टेशन से अयोध्या के लिए रवाना होकर रास्ते में हैं और वो कल अयोध्या पहुंचेंगे। ठाणे जिले के पालकमंत्री और राज्य के पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर की अगुवाई में ठाणे शहर, कल्याण, बदलापुर, अंबरनाथ, डोंबिवली, उल्हासनगर सहित पालघर जिले के विभिन्न भागों से आए शिवसेना पदाधिकारी और कार्यकर्ता अयोध्या पहुंचने वालों में शामिल हैं। शिवसैनिक अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन में सवार होकर वहां से रवाना हुए हैं। शिवसैनिकों के लिए मफलर, टोपी, पोस्टर, बैनर, भोजन-पानी अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था शिवसेना ने की है। सिर्फ मीरा-भाईंदर से ही करीब 300 शिवसैनिकों का जत्था अयोध्या के लिए रवाना हुआ। इनकी विदाई शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक ने की।
वीएचपी की लोगों से अपील
दूसरी तरफ वीएचपी की धर्मसभा में लाखों लोगों के पहुंचने का अनुमान है। वीएचपी ने देश भर से लोगों को सभा में आने के लिए आह्वान किया है। दिल्ली, पटना, जयपुर, भोपाल, मुंबई, चंडीगढ़ सहित देश के तमाम शहरों से हजारों लोगों को अयोध्या कूच के लिए बुलाया गया है। अकेले यूपी के सभी जिलों से पांच-पांच हजार लोगों को अयोध्या आमंत्रित किया गया है। यानि यूपी के विभिन्न जिलों से ही करब चार लाख अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है।