अपने दौरे पर राहुल गांधी सिर्फ महिलाओं की सभाओं को ही संबोधित करेंगे।
बेंगलुरु: कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की आहट हो चुकी है और बीजेपी कांग्रेस के साथ-साथ अन्य पार्टियां भी अभी से चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। आपको बता दें कि कर्नाटक में अप्रैल में चुनाव हो सकते हैं। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कर्नाटक में चुनाव प्रचार के लिए कमर कस चुके हैं और 24 फरवरी से वो राज्य में चुनाव प्रचार के लिए उतरने वाले हैं। राहुल गांधी 24 फरवरी से 3 दिन के दौरे पर कर्नाटक में रहेंगे। इस दौरान राहुल गांधी राज्य में जन आशीर्वाद यात्रा का नेतृत्व करेंगे।
इन जिलों में होगा राहुल गांधी का दौरा
बुधवार को राहुल गांधी के दौरे के बारे में अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) में क्षेत्र के प्रभारी माणिकम टैगोर ने जानकारी दी। उन्होंने बताया, ‘गांधी हमारी जन आशीर्वाद यात्रा के तहत लगातार तीन दिनों तक राज्य के इन क्षेत्रों का दौरा करेंगे।' इस दौरान राहुल गांधी इस यात्रा में जन सभाएं और केवल महिलाओं की रैली को संबोधित करेंगे। विभिन्न समूहों के साथ उनके संवाद करने की संभावना है। मणिक्कम टैगोर ने बताया कि वो इस यात्रा के दौरान बस में सफर करेंगे।
बीजेपी के भी टॉप नेता जुटे हैं चुनाव प्रचार में
पार्टी सूत्रों के अनुसार इस यात्रा में कांग्रेस अध्यक्ष प्रचार अभियान के इस अगले दौर में मंदिरों एवं दरगाहों में भी जा सकते हैं। इससे पहले राहुल ने 10 से 13 फरवरी तक कर्नाटक का दौरा किया था। कांग्रेस के अलावा बीजेपी भी अभी से चुनाव प्रचार में जुट गई है। पीएम मोदी, सीएम योगी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह जैसे बड़े चेहरे कर्नाटक में अभी से चुनाव प्रचार का जिम्मा संभाल चुके हैं। जहां एक तरफ अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने मिलकर राज्य में परिवर्तन यात्रा निकाली थी तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में 2 दिन के कर्नाटक दौरे पर थे, जहां उन्होंने मैसूर और बेंगलुरु में जनसभाओं को संबोधित किया था।
राज्य में है कांग्रेस की सरकार
आपको बता दें कि 224 विधानसभा सीट वाले कर्नाटक में अगले महीने चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है। अप्रैल के महीने में राज्य में चुनाव हो सकते हैं। कर्नाटक में अभी कांग्रेस पार्टी की सरकार है, जिसे बरकरार रखने के लिए कांग्रेस पार्टी व्यापक प्रचार में जुटी है।