
नई दिल्ली। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ( Sheila Dikshit Death ) का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 81 वर्षीय शीला दीक्षित लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने दुख जताया है।
पीएम मोदी का ट्वीट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'शीला दीक्षित जी के निधन से गहरा दुख हुआ। वह मिलनसार और प्रभावी व्यक्तित्व की महिला थीं। उन्होंने दिल्ली के विकास में उल्लेखनीय काम किया। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी पूरी संवेदना है।'
राहुल गांधी का ट्वीट
राहुल गांधी ( Rahul Gandhi ) ने शीला दीक्षित के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'मुझे कांग्रेस पार्टी की एक प्यारी बेटी शीला दीक्षित जी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। उनके साथ मेरे करीबी संबंध थे। मैंने उनसे अपने कई व्यक्तिगत अनुभव साझा किए थे। तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रही शीला दीक्षित ने निस्वार्थ भाव से काम किया। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और दिल्ली के नागरिकों के प्रति मेरी पूरी संवेदना है।'
राष्ट्रपति ने जताई संवेदना
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी शीला दीक्षित के निधन ( sheila dikshit death ) पर दुख जताया। रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, 'दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और एक वरिष्ठ राजनेता शीला दीक्षित के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उनका कार्यकाल राजधानी दिल्ली के लिए महत्वपूर्ण परिवर्तन का दौर था, जिसके लिए उन्हें याद किया जाएगा। उनके परिवार व सहयोगियों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं हैं।'
अमित शाह का ट्वीट
अमित शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं। मैं उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दु:ख की इस घड़ी में उनके परिवार को शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें।'
प्रियंका गांधी वाड्रा का ट्वीट
शीला दीक्षित के निधन पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भावुक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'शीला जी हमेशा अपने अनुकरणीय शासन और दिल्ली के विकास में अपार योगदान के लिए याद की जाएंगी। मुझे उसकी बुद्धिमान सलाह, प्यारी मुस्कान और गर्मजोशी याद आएगी।
नीतीन गडकरी ने जताया दुख
केंद्रीय मंत्री नीतीन गडकरी ने भी ट्वीट कर शीला दीक्षित के निधन पर दुख जताया। गडकरी ने लिखा, 'दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती शिला दीक्षित जी के देहांत की खबर सुनकर व्यथित हूं। दिल्ली के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान शीला जी की दिवंगत आत्मा को शांति दे।'
राजनाथ सिंह का ट्वीट
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शीला दीक्षित के निधन पर दुख प्रकट करते हुए लिखा, 'शीला जी के निधन से गहर दुख हुआ। वह एक लंबे कांग्रेसी की नेता थी। वह अपने विनम्र स्वभाव के लिए जानी जाती थीं। मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और समर्थकों के लिए संवेदना जताता हूं।
केररीवाल का ट्वीट
शीला दीक्षित के निधन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'शीला दीक्षित जी के निधन के बारे में ख़बर मिली। शीला जी का जाना दिल्ली के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी ह्रदय से संवेदनाएं हैं।'
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शीला दीक्षित के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, 'ये खबर सुनकर मैं सदमे में हूं। देश ने दिग्गज कांग्रेस नेता को खो दिया। दिल्ली की जनता उन्हें विकास के लिए हमेशा याद करेगी।'