प्रतापगढ़

ऑपरेशन चक्रव्यूह: बीच शहर किराना दुकान में चल रही थी MD ड्रग फैक्ट्री, पुलिस ने पकड़ी 5 करोड़ की खेप

प्रतापगढ़ में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शहर के बीचों-बीच एक किराना दुकान और अनाज गोदाम की आड़ में चल रही एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री को बेनकाब किया है।

2 min read
फोटो पत्रिका

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शहर के बीचों-बीच एक किराना दुकान और अनाज गोदाम की आड़ में चल रही एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री को बेनकाब किया है। इस कार्रवाई में करीब 5 करोड़ रुपए मूल्य का मादक पदार्थ और कच्चा माल बरामद किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में थानाधिकारी शंभुसिंह को सूचना मिली थी कि वाटरवर्क्स रोड स्थित नाकोड़ा किराना के पीछे कुछ संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने गोदाम के अंदर बने गुप्त कमरे में दबिश दी। कमरे में घुसते ही पुलिसकर्मियों की आंखों में तेज जलन होने लगी और रसायनों की तीखी गंध आ रही थी। तलाशी लेने पर वहां भारी मात्रा में ड्रग्स और उसे बनाने का सेटअप मिला।

ये भी पढ़ें

जोधपुर में मथानिया-सोयला की एक हरी मिर्च की 5000 रुपए कीमत, दूसरे राज्यों में भेजी स्मैक व एमडी ड्रग्स

5 करोड़ की खेप और उपकरण बरामद

पुलिस ने मौके से 106 ग्राम शुद्ध एमडी और एमडी तैयार करने में प्रयुक्त होने वाला 114.750 किलोग्राम लिक्विड केमिकल बरामद किया है। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। इसके अलावा मौके से ड्रग्स बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण जैसे: इलेक्ट्रॉनिक व इंडेक्स हीटर और ब्लोअर मशीन, कांच के प्रयोगशाला फ्लास्क और बड़े जार, इलेक्ट्रॉनिक कांटे और विशेष मिक्सिंग मशीनें और सुरक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाले रबर ग्लव्स और बाल्टियां भी जब्त की गई।

दुकानदार निकले ड्रग्स माफिया, आरोपी फरार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी धर्मचन्द मोगरा जैन और रोहित मोगरा जैन किराना व्यापार की आड़ में इस काले कारोबार को अंजाम दे रहे थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच अरनोद थानाधिकारी शिवलाल को सौंपी है।

Published on:
02 Feb 2026 05:31 pm
Also Read
View All

अगली खबर