रायपुर

रायपुर में 300 करोड़ से नई फोरलेन सड़कें और बायपास, कहां-कहां होगा निर्माण, देखें

Chhattisgarh News: रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और भविष्य की जरूरतों के मुताबिक सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने की तैयारी है। लोक निर्माण विभाग ने शहर के प्रमुख इलाकों में करीब 300 करोड़ रुपए की लागत से नई फोरलेन सड़कें और बायपास रोड प्रस्तावित किए हैं।
2 min read
Aug 21, 2026
Chhattisgarh News
सड़क परियोजना (demo pic)

रायपुर@ संतराम साहू। Raipur Road Project: राजधानी में बढ़ते यातायात दबाव और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए प्रमुख इलाकों में नई फोरलेन सड़कों का निर्माण किया जाएगा। मोवा से सेरीखेड़ी तक फोरलेन 100 करोड़ रुपए, लाभांडी से सड्डू वाया कचना होकर 100 करोड़ रुपए की लागत से, चंदनीडीह से सरोना, रायपुरा महादेव घाट तक बायपास रोड का निर्माण किया जाएगा। इन क्षेत्रों में प्रस्तावित इन सड़कों के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने प्लान तैयार किया है।

जाम की समस्या से मिलेगी निजात

पीडब्ल्यूडी के प्लान के मुताबिक इन मार्गों के बनने से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ ही जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। क्योंकि ट्रैफिक डायवर्ट होने से शहर के अंदर विभिन्न चौक-चौराहों पर लगने वाले जाम से शहरवासियों को राहत मिलेगी। इसके अलावा तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी और यातायात क्षमता में बड़ा सुधार होने की संभावना है।

तेजी से बढ़ रहा इन क्षेत्रों में यातायात

जिन क्षेत्रों में सड़कें और फ्लाईओवर लोक निर्माण विभाग ने प्रस्तावित किया है, वहां आवासीय कॉलोनियों, व्यावसायिक गतिविधियों और आबादी में लगातार विस्तार हो रहा है। ऐसे में मौजूदा सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ रहा है। नई फोरलेन सड़कों को भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।

कहां क्या बनेगा

  • मोवा से सेरीखेड़ी तक फोरलेन, लागत- 100 करोड़, लंबाई- 7 किमी।
  • लाभांडी, कचना होकर सड्डू तक फोरलेन, लागत- 100 करोड़, लंबाई - 5 किमी।
  • चंदनीडीह से सरोना, रायपुरा महादेव घाट तक बायपास रोड, लागत 100 करोड़।
  • बंजारी माता मंदिर के पास फ्लाईओवर, सर्वे के बाद डीपीआर होगा तैयार ।
  • कमलविहार गेट के पास फ्लाईओवर, सर्वे के बाद डीपीआर तैयार होगा।

सुगम यातायात उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता

अरुण साव, उप मुख्यमंत्री एवं मंत्री पीडब्ल्यूडी, राजधानी में अधोसंरचना विकास को गति देने के साथ-साथ बेहतर और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। नई फोरलेन सड़कों से रायपुर के इन प्रमुख इलाकों में आवागमन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

Updated on:
21 Aug 2026 08:28 pm
Published on:
21 Aug 2026 08:28 pm