CG Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई बैठक में धान खरीदी शुरू होने से पहले किसानों के हित में बड़ा निर्णय लिया गया।
CG Cabinet Meeting: छत्तीसगढ़ के रायपुर में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में राज्य सरकार ने सात महत्वपूर्ण फैसले लिए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई बैठक में धान खरीदी शुरू होने से पहले किसानों के हित में बड़ा निर्णय लिया गया। सरकार ने धान खरीदी के लिए 26 हजार करोड़ रुपए रिजर्व रखने की मंजूरी दी, ताकि भुगतान प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को 30 साल के लिए राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) को लीज पर देने का भी निर्णय लिया गया। फ्लैट बिक्री बढ़ाने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए EWS और LIG फ्लैट की आय सीमा समाप्त कर दी है। अब ये फ्लैट सिर्फ कमजोर वर्ग तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि किसी भी आय वर्ग का व्यक्ति-सरकारी कर्मचारी, निजी क्षेत्र या कॉरपोरेट-इन्हें खरीद सकेगा।
राज्यभर में हाउसिंग बोर्ड, आरडीए और नगर निगम के 50 हजार से अधिक फ्लैट खाली पड़े हैं। पहले इनकी बिक्री के लिए अधिकतम 6 लाख वार्षिक आय की सीमा तय थी, जिसे अब हटा लिया गया है। लगातार विज्ञापन जारी करने और कीमतें 10 साल पुरानी दर पर तय करने के बावजूद बिक्री धीमी होने के कारण यह कदम उठाया गया है।
शनिवार से प्रदेश की 2058 सहकारी समितियों में धान खरीदी शुरू होगी। इससे पहले 3 नवंबर से सहकारी समितियों के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने कलेक्टरों के माध्यम से अन्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को खरीदी केंद्रों पर भेजने का दावा किया है।
इधर, खरीदी केंद्रों से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर गाज गिरी है। जानकारी के मुताबिक सहकारिता विभाग के निर्देश पर प्रदेशभर में कई कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने का आदेश जारी किया गया है। वहीं, सक्ती जिले में धान खरीदी के कार्य को आवश्यक सेवा के अंतर्गत शामिल करते हुए एस्मा लागू किया गया है। इसके तहत यहां सात समितियों के कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है।