- 3 दिवसीय प्रशिक्षण में पहले दिन शीर्ष नेताओं ने पढ़ाया रीति-नीति का पाठ- सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाना प्राथमिकता
रायपुर. छत्तीसगढ़ में 15 साल तक सत्ता में रहने वाली भाजपा ने मिशन 2023 के लिए तैयारी शुरू कर दी है। सत्ता तक का रास्ता तय करने के लिए शुरुआत उन 4 लाख सदस्यों को पार्टी की रीति-नीति से अवगत करवाने से हो रही है, जिन्होंने हाल में सदस्यता ली है। पार्टी के शीर्ष पदाधिकारी कह रहे है सत्ता परिवर्तन सब चाहते हैं, भाजपा का लक्ष्य व्यवस्था परिवर्तन का है। हमें 2023 में छत्तीसगढ़ में सरकार बनानी है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को तीन दिवसीय प्रशिक्षण की शुरुआत हुई। इसमें प्रदेश के करीब 200 पदाधिकारी शामिल हुए। ये सभी मास्टर ट्रेनर जिला और मंडल तक जाकर सदस्यों को पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा, केंद्र की शासकीय योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और सरकार के खिलाफ रणनीति का पाठ पढ़ाएंगे। पहले दिन के प्रशिक्षण सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, संगठन महामंत्री पवन साय, औषधि पादक बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रामप्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
प्रदेश को छला नहीं, बल्कि बुरी तरह ठगा
प्रदेश सरकार पर हमला बोले हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा, छत्तीसगढ़ केवल छला ही नहीं गया है बल्कि बुरी तरह ठगा गया है। 50 हजार का स्मार्ट कार्ड छीन लिया, 2,500 रुपए का बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया, सीमेंट और रेत के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो गई। विश्व में छत्तीसगढ़ पहला राज्य है, जिसने एक रुपया में चावल दिया, नमक दिया। मगर, प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद सब बंद और ठप हो गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साय ने कहा, प्रशिक्षण का उद्देश्य सरकार की नाकामयाबियों को जनता तक पहुंचाना है। हमें 2023 में भाजपा की सरकार बनानी है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा, युवा पीढ़ी को अधिक से अधिक हमारी विचारधारा से जोड़कर हमें संगठन और मजबूत करना होगा। यह बताना होगा कि कैसे 2 सदस्यों वाली पार्टी 303 सांसद वाली पार्टी बन गई है।