CG Raipur News : राजधानी के अधिकांश इलाके गुरुवार को पूरे दिन पानी के लिए तरसते रहे।
CG Raipur News : राजधानी के अधिकांश इलाके गुरुवार को पूरे दिन पानी के लिए तरसते रहे। कारण, काठाडीह एनीकट का इंटकवेल बरसाती पानी के साथ बहकर आई झाड़ियों से चोक हो गया था। इसके चलते भाठागांव में 50 और 80 एमएलडी के फिल्टर प्लांट में सप्लाई ठप हो गई। शहर की 43 में से 24 पानी टंकियां सूखी रहीं। इस वजह से तकरीबन 10 लाख की आबादी के सामने पूरे दिन पानी का संकट खड़ा हो गया।
15 से ज्यादा गोताखोरों को लगाया गया
इंटकवेल की ये स्थिति बुधवार रात 9 बजे से थी। ऐसे में 15 से ज्यादा गोताखोरों के दल को उतारा गया। गुरुवार पूरे दिन मेहनत करने के बाद इंटकवेल को साफ किया जा सका। हालांकि, फिल्टर प्लांट तक महज 60 फीसदी ही भर पाया। इसके चलते देर शाम तक टंकियों में ज्यादा पानी नहीं भर पाया। नतीजतन कुछ इलाकों में पानी की सप्लाई हो सकी, कुछ जगहों पर नहीं। जहां सप्लाई हुई भी, वहां पानी की धार इतनी पतली थी कि लोगों को जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पाया। निगम के अधिकारियों की मानें तो शुक्रवार सुबह तक पानी की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
आउटर की लगभग सभी टंकी खाली, शहर के भीतर सामान्य
इंटकवेल चोक होने से शहर के आउटर के इलाकों में स्थित पानी टंकियां पूरी तरह सूखी रहीं। उदाहरण के तौर पर चंगोराभाठा, बोरियाखुर्द, देवपुरी, रायपुरा, टाटीबंध, कचना, कबीर नगर जैसे इलाकों में पूरे दिन पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। जबकि, शहर के भीतर मोतीबाग, बैरन बाजार, देवेंद्र नगर की पानी टंकी से लोगों को जल की सामान्य आपूर्ति की गई।
दिनभर दौड़ते रहे टैंकर फिर भी पानी की समस्या
निगम ने इस समस्या को देखते हुए सुबह से ही टैंकरों की व्यवस्था दुरूस्त कर दी थी। नगर निगम के टैंकर पूरे दिन पानी लेकर अलग-अलग इलाकों में दौड़ते रहे। कुछ एक जगहों पर पानी को लेकर लोगों में खींचतान देखने को भी मिला। निगम अमले ने पूरा प्रयास जरूर किया, लेकिन 10 लाख की आबादी के जरूरत के सामने ये इंतजाम नाकाम नजर आए।
इंटकवेल चोक होने की सूचना पर महापौर एजाज ढेबर और निगम कमिश्नर मयंक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि इस समस्या को जल्द सुलझाएं। काफी देर तक यहां रहकर व्यवस्थाओं का मुआयना भी किया। जल विभाग के प्रमुख सतनाम पनाग ने बताया कि शाम तक कचरा साफ कर लिया गया था। इसी के साथ सप्लाई भी बहाल हो गई थी।
करीब 15 लाख की आबादी प्रभावित
अभी शहर में 36 पानी की टंकियां हैं। वर्तमान में शहर में इन टंकियों से करीब 15 लाख लोगों को पीने का पानी नगर निगम हर रोज पहुंचाता है। हाल ही में कई बार शहर में किसी न किसी कारण से पानी की व्यवस्था प्रभावित हुई है। शहर के बहुत से हिस्सों में पानी की पतली धार नल से आने की वजह से पूरी तरह जरुरत के हिसाब से पानी नहीं मिल पा रहा। चंगोराभाटा जैसे इलाकों में टैंकर से पानी की सप्लाई करने की नौबत है।
इंटकवेल में झाड़ियां फंसने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई। अब इसे ठीक कर लिया गया है। शुक्रवार सुबह से पूरे शहर में जल की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
- नरसिंह फरेंद्र, प्रभारी कार्यपालन अभियंता, फिल्टर प्लांट