CG Congress: छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस में नए अध्यक्ष को लेकर मंथन चल रहा है। कभी भी नाम का ऐलान हो सकता है। इससे पहले नियुक्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया है..
CG Congress: छत्तीसगढ़ में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आई है। महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी गुंजन सिंह के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में हुए इंटरव्यू को लेकर आपत्ति भी जताई है। ( CG News ) हालांकि इसकी लिखित में शिकायत नहीं हुई है, लेकिन कार्यकर्ताओं की पसंद को महत्व नहीं दिए जाने की बात सामने आई है।
पिछले दिनों दिल्ली में महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर इंटरव्यू हुआ। इसमें यह बात सामने आईं कि इसके लिए किसी कार्यकर्ताओं से सलाह नहीं ली। वरिष्ठ नेताओं से उनकी पसंद पूछकर सीधे इंटरव्यू के लिए बुला लिया गया। इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उनका कहना है कि कांग्रेस में जिलाध्यक्ष के पद के लिए बाकायदा पर्यवेक्षकों को भेजा गया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और सभी से रायशुमारी की थी। जबकि महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के लिए सीधे पांच लोगों को दिल्ली बुलाकर इंटरव्यू कर लिया गया।
बताया जाता है कि महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी के सामने कुछ कार्यकर्ताओं ने अपने मन की बात रख दी है। इससे आने वाले दिनों में नियुक्ति को लेकर विवाद गरमा सकता है। बता दें कि इन दिनों महिला कांग्रेस की भूमिका काफी सिमट गई है। इसका सीधा नुकसान संगठन को उठाना पड़ रहा है।