CG Dhan Kharidi: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर बड़ी राहत। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ऐलान किया कि धान बेचने से वंचित किसानों को दो दिन फिर मिलेगा मौका।
CG Dhan Kharidi: छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए अच्छी खबर है। जो किसान धान खरीदने के प्रोसेस से चूक गए थे, उन्हें एक बार फिर अपनी फसल बेचने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह जानकारी देते हुए कहा कि राज्य में हम अगले दो दिनों में यानी 5 और 6 फरवरी को फिर धान खरीदी की जाएगी।
प्रदेश में किसानों से धान खरीदी के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किसान के हितों को ध्यान में रखते हुए तीन प्रकार के किसानों को धान विक्रय के लिए अतिरिक्त दो दिवस 05 एवं 06 फरवरी 2026 तक खरीदी करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे किसान जिनके द्वारा 10 जनवरी 2026 पश्चात् टोकन के लिए आवेदन किया गया है, परंतु सत्यापन नहीं हो पाया है। ऐसे किसान जिनके द्वारा 10 जनवरी 2026 पश्चात आवेदन किया गया है एवं सत्यापन उपरांत धान पाया गया है। 28, 29 एवं 30 जनवरी 2026 को टोकन प्राप्त किया गया था, परंतु किसी कारणवश धान विक्रय नहीं कर पाए हैं। इस संबंध में बारदाना एवं हमालों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों का धान किसी कारणवश तय समय सीमा में नहीं खरीदा जा सका था, उन्हें ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। इस विशेष अवधि में केवल उन्हीं किसानों से धान की खरीदी की जाएगी, जो पहले वंचित रह गए थे। सीएम साय ने कहा, आज हमने समीक्षा की है। कुछ किसान जिनका टोकन कट गया, लेकिन वे धान नहीं बेच पाए थे। कुछ किसानों का पंजीयन भी नहीं हो पाया था। ऐसे किसानों का चिन्हांकन हुआ है। अगले दो दिन के लिए धान खरीदी शुरू करेंगे। सरकार सभी किसानों का धान खरीदेगी।
कवासी लखमा की रिहाई पर CM विष्णु देव साय ने कहा, "उन्हें अभी बेल मिली है, लेकिन कोई फैसला नहीं हुआ है। बेल देना और फैसला लेना दो अलग-अलग बातें हैं।" वॉलीबॉल टूर्नामेंट के बारे में बात करते हुए CM ने कहा, "देश भर के अलग-अलग राज्यों से सोलह टीमें हिस्सा ले रही हैं। मैच 8 फरवरी तक चलेंगे। सभी खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ में स्वागत है।"