CG Dhan Kharidi: समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही राज्य में अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
CG Dhan Kharidi: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही राज्य में अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पिछले एक नवंबर से 6 दिसंबर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों से कुल 1,51,809 क्विंटल धान जब्त किया गया है।
मार्कफेड ने राज्य में सीमावर्ती जिलों में अवैध परिवहन रोकने के लिए चेकपोस्ट और कलेक्टर की अध्यक्षता में टास्कफोर्स बनाए हैं। इसके साथ ही मार्कफेड में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया की निरंतर निगरानी की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, मण्डी अधिनियम 1972 के तहत सीमावर्ती जिलों से अवैध धान की जब्ती की जा रही है। जिलेवार जब्ती में सबसे अधिक महासमुंद में 25,718 क्विंटल, धमतरी में 23,859 क्विंटल, रायगढ़ में 21,331 क्विंटल, और राजनांदगांव में 14,977 क्विंटल शामिल हैं। इसके अलावा बलरामपुर, बेमेतरा, कवर्धा, बालोद, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर, सूरजपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बीजापुर, रायपुर और अन्य जिलों से भी धान जब्त किया गया।
राज्य सरकार ने बताया कि सीमावर्ती जिलों में निगरानी बढ़ाने और त्वरित अलर्ट-रिस्पॉन्स सिस्टम लागू करने से अन्य राज्यों से धान की अवैध आमद को रोकने में प्रभावी सफलता मिली है। शासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधियों को जीरो टॉलरेंस के साथ रोका जाएगा।
खाद्य विभाग के अधिकारी बताते हैं कि मार्कफेड की रियल-टाइम निगरानी प्रणाली और पुलिस व जिला प्रशासन की सतत निगरानी से अवैध धान परिवहन को प्रभावी रूप से रोका जा रहा है।