रायपुर

CG News: जल संरक्षण और जनभागीदारी में प्रदेश ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय स्तर पर हासिल किया दूसरा स्थान

CG News: छत्तीसगढ़ ने जल संचय जनभागीदारी 1.0 में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। रायपुर नगर निगम ने शीर्ष स्थान पाकर राष्ट्रीय पुरस्कार जीता।
2 min read
Sep 26, 2025
छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार (Photo source- Patrika)
छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार (Photo source- Patrika)

CG News: जल संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर इतिहास रचा है। जल संचय जनभागीदारी 1.0 के परिणामों में प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि जल प्रबंधन और जनभागीदारी के संगम का जीवंत उदाहरण है।

CG News: इन राज्यों को भी किया जाएगा सम्मानित

प्रदेश में अब तक 4,05,563 कार्य पूर्ण कर जल संरक्षण को एक जन-आंदोलन में बदल दिया गया है। प्रदेश के शहरी निकायों में भी छत्तीसगढ़ ने अपनी श्रेष्ठता स्थापित की है। रायपुर नगर निगम ने पूरे देश में शीर्ष स्थान प्राप्त करते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। यहां 33,082 कार्यों के माध्यम से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा दिया गया, बल्कि इसे जन-सहभागिता आधारित शहरी विकास का मॉडल बना दिया गया। अन्य ज़ोन में यूपी, तेलंगाना, मप्र, राजस्थान, त्रिपुरा और जम्मू-कश्मीर के जिलों को भी सम्मानित किया जाएगा।

ऐसे चलाया अभियान

निगम के अधिकारियों के अनुसार शासकीय, अशासकीय भवनों, कॉलोनियों और सोसायटियों सहित शहर में रेनवॉटर हार्वेस्टिंग का अभियान लगातार चलाया गया। 2012 से 2017 तक जो लोग नक्शा पास कराने के बाद रेनवॉटर हार्वेस्टिंग नहीं लगाए, उनकी जमा राशि राजसात कर खुद नगर निगम लगवाने का ठोस कदम उठाया है। इसके अलावा बारिश का पानी धरती के भीतर जल स्रोतों को बरकार रख सके। ओपन और बंद रिचार्ज वेल जैसे सिस्टम पर काम किया। सोसायटियों और मकानों में 6 हजार से अधिक पिट रेनवॉटर सिस्टम लगाए गए।

कैटेगरी-1: बालोद जिले को प्रथम, राजनांदगांव को द्वितीय और रायपुर को तृतीय स्थान। इन तीन जिलों को पुरस्कार स्वरूप 2-2 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त होगी।

कैटेगरी-२: महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद को 1-1 करोड़ रुपए से सम्मानित किया जाएगा।

कैटेगरी-३: बिलासपुर, रायगढ़, बलरामपुर, धमतरी, सुरजपुर और दुर्ग को उत्कृष्ट भागीदारी के लिए 25-25 लाख रुपए के पुरस्कार मिलेंगे।

यह उपलब्धि सामूहिक चेतना का प्रमाण

CG News: विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री: इस सफलता पर प्रदेशवासियों को बधाई। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल-संपदा की नींव है। जल संरक्षण के क्षेत्र में यह उस सामूहिक चेतना का प्रमाण है, जिसने छत्तीसगढ़ को देश के लिए एक प्रेरणा बना दिया है। उन्होंने कहा, यह सम्मान केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि हर किसान, हर महिला, हर नौजवान और हर जनप्रतिनिधि का है, जिन्होंने पानी की हर बूंद को बचाने का संकल्प लिया।

Updated on:
26 Sept 2025 10:33 am
Published on:
26 Sept 2025 10:33 am