
रायपुर. CGVYAPAM Recruitment 2021: छत्तीसगढ़ के युवा इंजीनियरों के लिए अच्छी खबर है कि जल संसाधन विभाग 400 सिविल उप अभियंताओं (Civil Sub Engineers Recruitment) की भर्ती करने जा रहा है। विभाग के प्रस्ताव को वित्त विभाग ने हरी झंडी दे दी है। भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CGVYAPAM) के माध्यम से होगी। अब विभाग जल्द ही इसके नियम और शर्तें तैयार कर उसे व्यापमं को सौंपेगा। इसके आधार पर लिखित परीक्षा होगी।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग के प्रमुख अभियंता ने भर्ती के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा था। इस प्रस्ताव को वित्त विभाग के पास मंजूरी के लिए भेजा गया था। इस प्रस्ताव को वित्त विभाग की सहमति मिल गई है। इसके बाद विभाग के अवर सचिव प्रेमसिंह धरेन्द्र ने मुख्य अभियंता को भर्ती करने का आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के मुताबिक व्यापमं के जरिए भर्ती की प्रक्रिया होगी।
भर्ती प्रक्रिया में लगेंगे चार महीने
विभाग भर्ती के नियम और शर्तों को तैयार कर CGVYAPAM को सौपेंगा। इसके आधार पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी होगी। अधिकारियों के मुताबिक दिसम्बर के अंत तक विज्ञापन जारी हो सकती है। इसके बाद लिखित परीक्षा होगी और मेरिट सूची के आधार पर भर्ती प्रक्रिया होगी। इन सब प्रक्रिया में कम से कम चार महीने का समय लगेगा।