Chhattisgarh News: प्रदेश से युवा चेहरों को बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में नए नामों को लेकर चर्चा होने के आसार है..
Chhattisgarh News: राहुल जैन. भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन की ताजपोशी के बाद से राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ को बड़ी जिम्मेदारी मिलने के संकेत मिल रहे हैं। इसका उदाहरण पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे बड़े राज्यों में देखने को मिला है। नबीन छत्तीसगढ़ के प्रभारी रहे हैं। इस वजह से यहां उनका लगाव भी है। ऐसे में प्रदेश से युवा चेहरों को मौका मिलने की भी उम्मीद है। इसके हिसाब से कई नेताओं ने तो अभी से लॉबिंग शुरू कर दी है। पार्टी कार्यक्रमों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर उनकी गतिविधियां बढ़ गई हैं।
पांच राज्यों के चुनाव होने के बाद अब भाजपा का फोकस संगठन विस्तार पर रहेगा। इसे लेकर चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। राष्ट्रीय संगठन में नाम तय करने से पहले प्रदेश संगठन की पसंद और नापसंद को भी महत्व दिया जाएगा। नामों का पैनल मांगा जा सकता है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और दोनों संगठन मंत्री पदेन सदस्य रहेंगे। इसके अलावा महिला, युवा और अनुभवी लोगों को जगह मिलना लगभग तय है। चर्चा इस बात की भी है कि एक मंत्री को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। यदि ऐसा होता है, तो प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि इसकी संभावना कम बताई जा रही है, लेकिन चर्चाओं का बाजार गर्म है।
भाजपा कोर ग्रुप की अहम बैठक मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होगी। माना जा रहा है कि इसमें मौजूदा राजनीतिक हालातों पर चर्चा होगी। साथ ही संगठन के कामकाज को लेकर भी मंथन होगा। जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश 12 मई को रायपुर पहुंचेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नामों को लेकर भी मंथन हो सकता है। शिवप्रकाश मुख्यमंत्री और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री व प्रदेश संगठन महामंत्री के साथ अलग से बैठक कर सकते हैं। बता दें कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी को लेकर प्रदेश के कई बड़े नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। इसकी कई वजह है। पहला तो नितिन नबीन यहां के सभी वरिष्ठ नेताओं की कार्यशैली से अच्छी तरह से वाकिफ है। इस वजह से संगठन के सामने भी योग्य व्यक्ति को भेजना चुनौतीपूर्ण काम होगा। वहीं, नारी शक्ति वंदन अधिनियम के बाद महिलाओं की संख्या भी बढ़ेगी।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 13 मई को होगी। इसमें प्रदेश के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। वैसे तो भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव लाए जाते हैं, लेकिन इस बार नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी लाया जाएगा। इसके जरिए राजनीतिक संदेश देने का काम होगा। इसके अलावा नक्सलवाद के खात्मे को लेकर भी कार्यसमिति की बैठक में धन्यवाद ज्ञापित किया जा सकता है।
CG Politics: विधायक संगीता बनी महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, चार महीने बाद जारी हुआ आदेश..पूरी खबर पढ़ें