
रायपुर@पीलूराम साहू। MBBS Admission: प्रदेश में एमबीबीएस की 100 सीटें और बढ़ गई हैं। दो निजी कॉलेजों में 50-50 सीटें बढ़ीं हैं। इससे एमबीबीएस की कुल सीटें 2925 से बढक़र 3025 पहुंच गई हैं। इन सीटों में प्रवेश के लिए 6 हजार से ज्यादा नीट क्वालिफाइड छात्रों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया है। मेरिट सूची 19 अगस्त को आने की संभावना है। 20 अगस्त को पहली आवंटन सूची आ सकती है।
प्रदेश के सरकारी व निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस कोर्स के लिए ऑनलाइन पंजीयन का काम पूरा हो गया है। अब छात्रों को मेरिट व आवंटन सूची का इंतजार है। राजधानी के पद्मावती निजी मेडिकल कॉलेज इस साल शुरू हो रहा है, जहां पहले 100 सीटें थीं, अपील के बाद 150 पहुंच गईं हैं। वहीं भिलाई के अभिषेक मिश्रा कॉलेज की सीटें 150 से बढ़कर 250 पहुंच गई हैं। रावतपुरा में भी 50 व रिम्स में 100 सीटें बढ़ीं हैं। सरकारी में कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़, कुनकुरी व दंतेवाड़ा में इस सत्र से एमबीबीएस की 250 सीटों पर पढ़ाई होगी। प्रत्येक कॉलेज में 50-50 सीटें हैं।
प्रदेश में केवल एक साल में एमबीबीएस की 695 सीटें बढ़ गई हैं। यही नहीं 5 सरकारी व एक निजी मेडिकल कॉलेज को मान्यता मिली हैं। इनमें 400 सीटें मिली हैं। यह बड़ी छलांग है। अब सबसे बड़ी चुनौती क्वालिटी एजुकेशन को बरकरार रखना है। मान्यता के बावजूद सरकारी व निजी कॉलेजों में इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ फैकल्टी की समस्या चर्चा में है। विशेषज्ञों का कहना है कि सरकारी व निजी कॉलेजों को मान्यता तो मिल गई, लेकिन फैकल्टी की कमी से क्वालिटी एजुकेशन प्रभावित न हो।
डॉ. यूएस पैकरा, डायरेक्टर, मेडिकल एजुकेशन ने पत्रिका से कहा "एमबीबीएस कोर्स में प्रवेश के लिए नीट क्वालिफाइड छात्रों से ऑनलाइन पंजीयन का काम पूरा हो गया है। अब मेरिट व आवंटन सूची जारी की जाएगी। पेरेंट्स व छात्र दलालों के झांसे में न आएं। एडमिशन में पूरी पारदर्शिता बरती जाती है।"
डॉ. देवेंद्र नायक, चेयरमैन, बालाजी मेडिकल कॉलेज ने पत्रिका से कहा "कई छात्र व पालक सीधे एडमिशन लेने कॉलेज पहुंच रहे हैं। उन्हें बताया जा रहा है कि एमबीबीएस कोर्स में प्रवेश के लिए नीट क्वालिफाइड होना व मेरिट सूची में आना अनिवार्य है। एडमिशन की प्रक्रिया चिकित्सा शिक्षा संचालनालय करती है।"