रायपुर

CG Police Bharti: फिर से शुरू होगी राजनांदगांव रेंज की आरक्षक भर्ती प्रक्रिया, आईजी ने दी अहम जानकारी

CG Police Bharti: आरक्षक भर्ती राजनांदगांव के बजाय अब खैरागढ़ में नए सिरे से होगी। इसके लिए राज्य सरकार को आईजी दीपक झा ने प्रतिवेदन भेजा है। आरक्षक भर्ती में गड़बड़ी का मामला उजागर होने के बाद सरकार की काफी फजीहत हुई है।
2 min read
Jan 13, 2025
CG Police Bharti
CG Police Bharti

CG Police Bharti: राजनांदगांव रेंज की पुलिस आरक्षक भर्ती में गड़बड़ी के आरोप के चलते निरस्त भर्ती प्रक्रिया को फिर से शुरू करने की तैयारी चल रही है। भर्ती राजनांदगांव के बजाय अब खैरागढ़ में नए सिरे से होगी। इसके लिए राज्य सरकार को आईजी दीपक झा ने प्रतिवेदन भेजा है। आरक्षक भर्ती में गड़बड़ी का मामला उजागर होने के बाद सरकार की काफी फजीहत हुई है।

तमाम तरह के आरोपों से घिरी सरकार ने रेंज की भर्ती प्रक्रिया को ही आगामी आदेश तक निरस्त कर दिया था। धांधली की जांच के लिए आईजी दीपक झा की निगरानी में एक एसआईटी अब भी हर मामले की पड़ताल कर रही है। मिलीभगत के आरोप में अब तक सिलसिलेवार 15 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इधर पुलिस आरक्षक भर्ती के लिए खैरागढ़ को उपयुक्त माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि खैरागढ़ एसपी त्रिलोक बंसल की अध्यक्षता में भर्ती होगी। चर्चा है कि भर्ती प्रक्रिया के लिए राज्य सरकार से कुछ आला अफसरों ने बंसल के नाम सुझाया था। कोरिया एसपी रहते बंसल ने आरक्षक प्रमोशन मामले में काफी सख्ती और पारदर्शिता के साथ सूची जारी की थी। इस बीच खैरागढ़ में भर्ती के लिए मैदान की तलाश की जा रही है। खैरागढ़ के फतेह सिंह मैदान अथवा छुईखदान के स्वामी आत्मानंद हाईस्कूल मैदान को भर्ती के लिहाज से उपयुक्त माना जा रहा है।

इधर, पुलिस महकमे को नए सिरे से प्रवेश पत्र जारी करने में व्यवहारिक और तकनीकी समस्या आन खड़ी हुई है, जिसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। एक जानकारी के मुताबिक 20 से 22 हजार अभ्यर्थियों का शारीरिक और अन्य टेस्ट भर्ती निरस्त होने के कारण पूरा नहीं हो पाया। राजनांदगांव रेंज में 600 से ज्यादा पदों के लिए 65 हजार से ज्यादा आवेदन आए थे। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया को लेकर नई तारीख और जगह का ऐलान होगा, लेकिन यह स्पष्ट है कि खैरागढ़ में ही अब भर्ती पूरी तरह से संपन्न होगी।

Updated on:
13 Jan 2025 02:12 pm
Published on:
13 Jan 2025 02:12 pm