CG Traffic Update: रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाया है।
CG Traffic Update: शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के लिए अहम कदम उठाया है। अब भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर तय समय के अनुसार प्रतिबंध लागू किया गया है।
जारी निर्देशों के मुताबिक, रिंग रोड-01 और रिंग रोड-02 से शहर में आने वाले 18 प्रमुख मार्गों पर सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। यह व्यवस्था आदेश जारी होने की तारीख से एक महीने तक लागू रहेगी। प्रशासन का कहना है कि इस फैसले से जाम की समस्या में कमी आएगी और आम लोगों को सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।
तेलीबांधा चौक, केनाल रोड, महावीर नगर चौक, राजेंद्र नगर चौक, पचपेड़ीनाका चौक, संतोषीनगर चौक, भाठागांव चौक, कुशालपुर चौक, रायपुरा चौक, डीडी नगर, अरिहंत नगर, टाटीबंध, हीरापुर टर्निंग, गोगांव तिराहा, गोंदवारा तिराहा, भनपुरी पाटीदार भवन के सामने तक, विधानसभा रोड (व्हीआईपी तिराहा) और एक्सप्रेस-वे ब्रिज के नीचे रिंग रोड-01 शामिल हैं।
पुलिस विभाग ने ट्रांसपोर्टरों और ड्राइवरों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित समय का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि शहर में ट्रैफिक सुचारू बना रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शहर में पिछले कुछ समय से ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर दिन के समय भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों की आवाजाही के कारण प्रमुख चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति बनती है। ऑफिस टाइम, स्कूल समय और बाजार के व्यस्त घंटों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
CG Traffic Update: स्थानीय लोगों और व्यापारियों की ओर से भी लंबे समय से शिकायत की जा रही थी कि भारी वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई बार ट्रैफिक पुलिस को अस्थायी डायवर्जन और मैनुअल कंट्रोल का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन इससे स्थायी समाधान नहीं मिल पा रहा था।
इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने समयबद्ध प्रतिबंध लागू करने का फैसला लिया है। इससे पहले भी त्योहारों, वीआईपी मूवमेंट या विशेष अवसरों पर इस तरह के प्रतिबंध अस्थायी रूप से लगाए जाते रहे हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले थे।