
Monsoon 2024: प्रदेश से मानसून की वापसी हो गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को इसकी अधिकृत घोषणा कर दी। 11 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ से मानसून लौटने की प्रक्रिया शुरू हुई थी और 5 दिनों में पूरे प्रदेश से मानसून लौट गया।
यही नहीं, पूरे देश से भी मानसून की वापसी हो चुकी है। आगामी 5 दिनों तक उत्तर व दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। जबकि राजधानी में बादल छाए रहेंगे, लेकिन पानी नहीं गिरेगा। अक्टूबर का तीसरा सप्ताह शुरू हो गया है, लेकिन राजधानी में उमस ने लोगों ने बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस माह के अंत तक उमस खत्म होने की संभावना है।
दरअसल तब हल्की ठंड दस्तक देगी। राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। दिन व रात के तापमान में करीब 10 डिग्री का अंतर है। आने वाले दिनों में ये अंतर कम होगा। इससे लोगों (Monsoon 2024) को उमस से राहत मिलेगी। पिछले 24 घंटे में कोंटा, लटोरी, शंकरगढ़ में दो, लैलूंगा व राजपुर में एक-एक सेमी पानी गिरा। कुछ स्थानों पर इससे कम बारिश दर्ज की गई।
मौसम एक्सपर्ट के अनुसार, आज बुधवार को बादल साफ रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात भी सक्रिय है। इसके अगले दो दिनों में कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इससे प्रदेश के कुछ जगहों पर हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं बारिश कम होने से प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बढ़ने लगा है। दंतेवाड़ा में 35 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसी तरह रायपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।