
रायपुर. New COVID Cases in CG: छत्तीसगढ़ में बीते 2 दिनों से कोरोना के ट्रेंड में एक नया बदलाव देखा जा रहा है। गुरुवार को राजनांदगांव में 35 मरीज मिले थे, तो शुक्रवार को दुर्ग में 31 मरीजों में संक्रमण की पहचान हुई। कुछ इस प्रकार के आंकड़े मार्च 2021 में आने शुरू हुए थे। राजनांदगांव और दुर्ग के रास्ते रायपुर में कोरोना की एंट्री हुई थी और फिर अप्रैल में पूरे प्रदेश में कोरोना ने कहर बरपाया था। जबकि दुर्ग और राजनांदगांव में काफी कम मरीज मिल रहे थे।
बहरहाल स्थिति चिंताजनक इसलिए भी है, क्योंकि अब लगातार 300 से अधिक मरीज रोजाना मिल रहे हैं। शुक्रवार को 43,562 सैंपल की जांच में 312 मरीज मिले। इनमें जांजगीर चांपा में सर्वाधिक 32, दुर्ग में 31, बिलासपुर में 25 और रायपुर में 11 मरीज मिले। उधर, 358 मरीजों ने कोरोना को मात दी। इसके साथ ही पहली बार एक्टिव मरीजों की संख्या 4 हजार के नीचे जा पहुंची है। मगर, मौतों का आंकड़ा कम नहीं हो रहा। शुक्रवार को 3 और मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
नाइट कर्फ्यू खत्म, बाजार रात 10 बजे तक खुलेंगे
अब राजधानी में नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) खत्म कर दिया गया है। इसके अलावा रात 10 बजे तक दुकानें भी खुल सकेंगी। कलेक्टर ऑफिस ने आदेश जारी कर दिया है कि राजधानी में बाजार रात तक खुलने के साथ ही लोगों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं रहेगी। हालांकि, उन्होंने अपील की है कि लोग जरूरत पडऩे ही रात को घर से निकलें।
गौरतलब है कि सरकार ने चार महीने की प्रदेश में बढ़ते कोरोना वायरस को देखते हुए राजधानी में रात का कर्फ्यू लगा दिया था। बाजार भी रात 8 बजे बंद करने के आदेश जारी किए गए गए थे। लोग रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक भी घर से नहीं निकल सकते थे। हालांकि 9 अप्रैल के बाद से जिले में नाइट कर्फ्यू लगातार जारी था।