रायपुर

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट, रायपुर पुलिस ने दर्ज किया केस

Raipur News: सोशल मीडिया पर अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है..
2 min read
Aug 21, 2026
amit shah, Raipur news, raipur police
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ( File Photo - Patrika )

Chhattisgarh Crime News: रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के अधिकारियों समेत कई प्रतिष्ठित लोगों को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और भ्रामक जानकारी वाली सोशल मीडिया पोस्ट शेयर किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने केस दर्ज कर सोशल मीडिया पर पोस्ट के प्रसार और उससे जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।

Raipur News: अश्लील और अभद्र भाषा का इस्तेमाल

शिकायतकर्ता अमन यादव, निवासी श्याम नगर तेलीबांधा, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि इंस्टाग्राम पर cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम से संचालित अकाउंट से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। शिकायत के अनुसार, इन पोस्ट में छत्तीसगढ़ की जनता के साथ-साथ समाज और प्रशासन से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों के खिलाफ अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

पोस्ट में आपत्तिजनक टिप्पणियां

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन अकाउंट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कुछ अधिकारियों के वीडियो भी शेयर किए गए, जिनके साथ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। उनका कहना है कि इस तरह तैयार की गई सामग्री से संबंधित लोगों की सार्वजनिक और सामाजिक छवि प्रभावित हो सकती है। साथ ही, सोशल मीडिया यूजर्स के बीच उनके व्यक्तित्व और कार्यप्रणाली को लेकर गलत या भ्रामक धारणा बन सकती है।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और आपत्तिजनक सामग्री पर सवाल

अमन यादव ने आवेदन में कहा कि किसी व्यक्ति की आलोचना या टिप्पणी करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा हो सकता है, लेकिन जानबूझकर झूठी, भ्रामक, अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री के जरिए किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना अलग विषय है।

उन्होंने दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर संचालकों की पहचान और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया सामग्री की पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
21 Aug 2026 10:14 am
Published on:
21 Aug 2026 10:14 am