रायपुर

कलक्टर के निर्देश पर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा 132 क्विंटल धान जब्त

ग्राम परसुलीडीह में एक टाटा पिकअप वाहन में अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे धान जब्त किये
less than 1 minute read
Oct 29, 2018
CGNews
कलक्टर के निर्देश पर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा 132 क्विंटल धान जब्त

रायपुर . एक नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को ध्यान में रखते रविवार को अधिकारियों ने अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 132 क्विंटल धान जब्त किया है। कलक्टर के निर्देश पर कृषि उपज मंडी एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा धान के थोक एवं फुटकर व्यापारियों की दुकानों एवं गोदामों की जांच की गई और चार स्थानों पर अवैध रूप जमा किए गए धान को जब्त किया गया।

सहायक खाद्य अधिकारी संजीव ठाकुर तथा मंडी सचिव सी.एल. ध्रुव ने अभनपुर विकासखंड के ग्राम परसुलीडीह में एक टाटा पिकअप वाहन में अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 80 बोरी वजन 32 क्विंटल सरना धान बोरेंदा निवासी भगत साहू से जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इसी प्रकार विधानसभा रोड पर ग्राम अमेरी में सहायक खाद्य अधिकारी के.एस. राठौर एवं मंडी निरीक्षक सुरेश शर्मा की टीम ने गन्नु प्रसाद वर्मा के पास से 97 बोरी धान वजन 38 क्विंटल जब्त किया।

इसी दल ने आमासिवनी में एमजीएम आई हॉस्पिटल के पास मोहित चंद्राकर के गोदाम में जांच कर 70 बोरी वजन 28 क्विंटल धान जब्त किया। इस दल द्वारा जीरो पाइंट के पास विजय यादव से 60 बोरी धान वजन 24 क्विंटल जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इन प्रकरणों में पांच गुना मंडी शुल्क की वसूली की गई है और धान खरीदी को देखते हुए यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Published on:
29 Oct 2018 08:54 am