26 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रकाश जावड़ेकर ने राफेल मामले में राहुल पर किया तीखा वार, कहा- कांग्रेस को बिचौलियों की आदत

जावड़ेकर ने कहा कि शराब बुरी चीज है, इसका सेवन नहीं करना चाहिए प्रदेश सरकार ने इसकी कीमत बढ़ाई है

2 min read
Google source verification
CGNews

शराबबंदी पर केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री ने दिया अनोखा बयान, राहुल पर भी तीखा वार

जगदलपुर/रायपुर/बिलासपुर. केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने शराब को लेकर अनोखा बयान दिया है। जगदलपुर में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में जावड़ेकर ने कहा कि ‘समाज में शराब का प्रचलन है, इसलिए यहां शराबबंदी नहीं की जा रही है।’ इसपर जब तीखे सवाल हुए तो जावड़ेकर ने कहा कि शराब बुरी चीज है, इसका सेवन नहीं करना चाहिए। प्रदेश सरकार ने इसकी कीमत बढ़ाई है। यह शराब की बिक्री कम करने की ओर एक प्रयास है।

जावड़ेकर से फिर सवाल हुआ कि पेट्रोल-डीजल का दाम भी उसके प्रयोग को हतोत्साहित करने के लिए ही बढ़ाए जा रहे हैं क्या, तो उन्होंने दोनों का अलग मामला बताकर पल्ला झाड़ लिया। भाजपा नेता का यह बयान तब है, जब विभिन्न जातीय और सामाजिक संगठन पिछले कई वर्षों से छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर आंदोलित हैं। रायपुर में पत्रकारों से बातचीत में जावड़ेकर ने दावा किया कि भाजपा बस्तर की सभी 12 सीटों पर कब्जा करेगी।

निर्णय आते ही बनेगा राममंदिर : बिलासपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री जावड़ेकर ने कहा कि राममंदिर का का मसला सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है। जैसे ही निर्णय आएगा मंदिर निर्माण का काम आगे बढ़ेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कह दिया कि मंदिर का निर्माण राम जन्मभूमि पर ही होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसका विरोध कर रही है, हम नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर से सवाल पूछिए कि वे मंदिर निर्माण का क्यों विरोध कर रहे हैं।

‘राफेल’ मतलब राहुल फेल
जावड़ेकर ने कहा कि ‘राफेल कोई मुद्दा नहीं है, बल्कि राफेल का मतलब राहुल फेल है।’ उन्होंने कहा कि मामले को तोड़-मरोडक़र पेश किया जा रहा है। कांग्रेस को बिचौलियों की आदत है। पहली बार किसी सरकार ने बिना बिचौलियों के इतनी बड़ी डील की है। यह बात कांग्रेस पचा नहीं पा रही है।