CG Accident: तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। घटना स्थल पर मौजूद लोग घायलों को अस्पताल ले जाने लगे लेकिन गोलू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
CG Accident: मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में सोमवार रात को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। उसे आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, देर रात सेवा निकेतन रोड पर अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में गोलू यादव और राजू यादव नामक दो युवकों ने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि मृतक गोलू और राजू एक फैक्ट्री में काम करते थे। वह अपना कार्य कर देर रात अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान सेरीखेड़ी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। घटना स्थल पर मौजूद लोग घायलों को अस्पताल ले जाने लगे लेकिन गोलू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं राजू की रास्ते में मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज से ट्रक और चालक की पहचान की जा रही है। मंगलवार को मृतकाें के परिजनों ने प्लांट के गेट के सामने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
घटना के बाद दोनों परिवार के परिजनों और ग्रामीणों ने एक्सीडेंट के विरोध में आज अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। लोगों ने दोषी चालक को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही मृतकों के परिवार को मुआवजा देने की मांग की। गुस्साए लोगों ने घंटों प्रदर्शन किया। लोगों ने चेतावनी दी हैं कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो उनके द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
50 लाख रुपये मुआवजे की मांग
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण मृतकों के शव लेकर प्लांट गेट पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है, जबकि प्लांट प्रबंधन की ओर से 50 हजार रुपये मुआवजा देने की बात कही गई। इसे लेकर लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।