रायपुर

रायपुर पहुंचीं क्रिकेटर हरलीन देओल, खिलाड़ियों को दिया सक्सेस मंत्र; कहा- सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता

Harleen Deol in Raipur: हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए लगातार मेहनत, अनुशासन और खुद पर विश्वास जरूरी है, शॉर्टकट से कामयाबी नहीं मिलती।
2 min read
• •
Oct 12, 2026
Harleen Deol in Raipur
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी हरलीन देओल (Photo Patrika)

Harleen Deol: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरलीन देओल ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए लगातार मेहनत, अनुशासन और खुद पर विश्वास रखना जरूरी है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण और नियमित अभ्यास से ही मंजिल हासिल की जा सकती है। रविवार को रायपुर पहुंचीं हरलीन ने हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए और उन्हें देश के लिए खेलने का सपना देखने के लिए प्रेरित किया।

साथी खिलाड़ियों के साथ अभ्यास मैच खेलने के लिए रायपुर पहुंची

हरलीन देओल अपनी हिमाचल प्रदेश की साथी खिलाड़ियों के साथ अभ्यास मैच खेलने के लिए रायपुर पहुंची हैं। इस दौरान उन्होंने हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों से बातचीत की और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उपलब्ध खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का पूरा लाभ उठाना चाहिए। बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के साथ उन्हें हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करना भी जरूरी है।

मेहनत और अनुशासन से हासिल करें लक्ष्य

हरलीन देओल ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने लक्ष्य के लिए पूरी लगन से मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि ईमानदारी से प्रयास करने वालों को सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने बच्चों को नियमित अभ्यास करने, अनुशासन बनाए रखने और अपनी क्षमता पर विश्वास रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल में प्रतिभा महत्वपूर्ण है, लेकिन केवल प्रतिभा के दम पर लंबे समय तक सफलता हासिल नहीं की जा सकती। इसके लिए कड़ी मेहनत, धैर्य और निरंतर अभ्यास जरूरी है। खिलाड़ियों को अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करना चाहिए और हर दिन अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए।

देश के लिए खेलने का सपना जरूर देखें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी ने बच्चों से कहा कि वे बड़े सपने देखने से पीछे न हटें। अपने ऊपर विश्वास रखें और भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश के लिए खेलने का लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आत्मविश्वास के साथ लगातार मेहनत करना जरूरी है। हरलीन ने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि वे उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल करें और अपने प्रशिक्षकों के निर्देशों का पालन करते हुए खेल कौशल को निखारें। शुरुआती असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच से खिलाड़ी अपने प्रदर्शन में सुधार कर सकते हैं।

खिलाड़ियों को दिए ऑटोग्राफ, बढ़ाया उत्साह

हॉकी अकादमी में मुलाकात के दौरान हरलीन देओल ने खिलाड़ियों के साथ समय बिताया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की टी-शर्ट पर ऑटोग्राफ भी दिए। अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट खिलाड़ी से मुलाकात कर बच्चे उत्साहित नजर आए। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की पहल पर हरलीन देओल हॉकी अकादमी पहुंची थीं। इस मुलाकात का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था। हरलीन के अनुभवों और संदेश से खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के महत्व को समझने का अवसर मिला।

Updated on:
12 Oct 2026 09:59 am
Published on:
12 Oct 2026 09:58 am