रायपुर

Chhattisgarh Ration News: राशन दुकानों में सर्वर का रोड़ा, त्योहार पर भी खाली हाथ लौट रहे हितग्राही, जानें सबसे ज्यादा परेशानी किसे?

Ration Distribution Problem: त्योहार पर राशन दुकानों में सर्वर और ई-पॉश मशीन की समस्या से हितग्राहियों की परेशानी बढ़ गई है। अंगूठे का निशान सत्यापित नहीं होने और तकनीकी दिक्कतों के कारण लोगों को बिना राशन लिए लौटना पड़ रहा है।
2 min read
• •
Oct 17, 2026
Ration Shop Server Issue
हितग्राहियों की परेशानी बढ़ी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर@राहुल जैन। Ration News: त्योहार में घरों में पकवान बनाने की तैयारी है, लेकिन राशन दुकानों पर सर्वर और ई-पॉश मशीन की परेशानी लोगों की चिंता बढ़ा रही है। शक्कर, चावल और दूसरी राशन सामग्री लेने पहुंचे हितग्राहियों को अंगूठे का निशान सत्यापित नहीं होने पर इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोगों को बिना राशन लिए लौटना पड़ रहा है। समस्या यह है कि दुकान तक पहुंचने में समय और किराया खर्च करने के बाद भी राशन मिलने की गारंटी नहीं रहती।

छत्तीसगढ़ में यह परेशानी कितने बड़े जनसमूह को प्रभावित कर सकती है, इसका अंदाजा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के दायरे से लगाया जा सकता है। विभाग के ई-पॉश डैशबोर्ड पर सितंबर 2026 में कुल 14,186 राशन दुकानें और 83.32 लाख राशन कार्ड दर्ज हैं। इस महीने 76.86 लाख कार्डों पर राशन लेने का ट्रांजेक्शन दर्ज किया गया। यानी राशन वितरण की तकनीकी व्यवस्था में बाधा आने पर बड़ी संख्या में परिवारों की जरूरी सुविधा प्रभावित होने की आशंका रहती है।

सर्वर और अंगूठे की समस्या एक जैसी नहीं

राशन वितरण में परेशानी के पीछे कारण की पहचान भी जरूरी है। सर्वर या नेटवर्क में दिक्कत होने पर मशीन का सिस्टम से संपर्क प्रभावित हो सकता है। दूसरी ओर, अंगूठे का निशान सत्यापित नहीं होने की समस्या बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण से जुड़ी हो सकती है। मशीन खराब होने या अन्य तकनीकी त्रुटि की स्थिति भी अलग हो सकती है। इसलिए हर मामले को केवल सर्वर फेल होने का परिणाम मानना सही नहीं होगा।

राशन नहीं मिलने पर यह करे हितग्राही

तकनीकी खराबी आने पर सबसे जरूरी है कि हितग्राही को राशन पाने की वैकल्पिक प्रक्रिया की जानकारी मिले। दुकान संचालक को समस्या की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और खाद्य विभाग को लागू नियमों के अनुसार वैकल्पिक प्रमाणीकरण या अन्य अनुमत प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन देना चाहिए।

बुजुर्गों, दिव्यांगों और दूर से आने वाले लोगों को विशेष रूप से अनावश्यक चक्कर से बचाने की जरूरत है। हितग्राही खाद्य विभाग के टोल-फ्री नंबर 1967 या 1800-233-3663 पर शिकायत कर सकते हैं। विभाग के नागरिक पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत की सुविधा भी उपलब्ध है। शिकायत करते समय राशन कार्ड, दुकान का नाम, तारीख और राशन नहीं मिलने का कारण बताना उपयोगी होगा।

भूपेंद्र मिश्रा, खाद्य नियंत्रक रायपुर के मुताबिक, सर्वर को लेकर लगातार शिकायत मिल रही है। सोमवार के दिन ज्यादा सर्वर की समस्या आ रही है। डायरेक्ट्रेट में इसकी सूचना दी गई है।

Updated on:
17 Oct 2026 10:22 am
Published on:
17 Oct 2026 10:21 am