CG Politics : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बुधवार को एक दिन प्रवास पर रायपुर पहुंचे।
रायपुर।CG Politics : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बुधवार को एक दिन प्रवास पर रायपुर पहुंचे। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित भाजयुमो परिवर्तन उदघोष कार्यक्रम में उन्होंने कहा, कांग्रेस सरकार के पीएससी घोटाले के आंदोलन के दौरान सीएम हाउस घेराव के दौरान हम सीएम हाउस के बाहर खड़े थे। विधानसभा चुनाव के बाद हम सीएम हाउस के अंदर जाएंगे। जब हम सरकार में आएंगे पीएससी में ट्रांसपेरेंसी लेकर आएंगे। जो भी घोटाले में शामिल हैं सीबीआई से उनकी जांच करवाएंगे। जो भी दोषी होंगे, सभी जेल जाएंगे। फिर वे जेल में फ्री होकर बैठकर कैंडी क्रश खेलेंगे।
कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए युवाओं को मंत्र दिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया में एक्टिव होने, युवाओं से जुड़े मुद्दे पर सरकार को घेरने, सरकार का विरोध करने जैसे कई गुरुमंत्र दिए।
तेजस्वी सूर्या ने कहा, बेरोजगारी भत्ता को लेकर यहां का आंदोलन ऐसा था, जो मैंने 10 साल में नहीं देखा। पीएससी मामले में हाइकोर्ट में स्टे आया है, उसका श्रेय युवा मोर्चा को जाता है। जो काम युवा कार्यकर्ता करते हैं, दरअसल उसका सही आंकलन पार्टी में नहीं होता है। भाजपा कार्यालय में परिवर्तन उद्घोष कार्यक्रम के तहत युवाओं को गुरुमंत्र के साथ सम्मान भी दिया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल मौजूद सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
एक-एक मिनट छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा में लगाएं : साव
कार्यक्रम में भाजयुमो के पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, युवाओं को 1 -1 मिनट छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा में देना है। भाजपा को जिताने के लिए देना है। अपनी जवानी का बहुत बड़ा समय भाजपा को देना है। चैन से नहीं बैठना है। अटल जी के सपनों के छत्तीसगढ़ को बर्बाद होने नहीं देंगे।
सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें : बृजमोहन
कार्यक्रम में बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं को सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहने की बात कही। उन्होंने कहा, अब सोशल मीडिया में प्रेम कहानी लिखना बंद करो, सरकार के खिलाफ आग उगलना शुरू करो। सरकार आएगी. लालच देगी, लेकिन इसमें नहीं आना है। युवा देश की ताकत हैं। राष्ट्र भक्त हैं, सरकार को उखाड़ना फेंकने का संकल्प लेना है।