Election 2026: नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव के लिए आज मतदान प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो चुकी है।
रायपुर@राहुल जैन। Local Body Elections Voting 2026: नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव के लिए आज मतदान प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो चुकी है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी की निगाहें अब 4 जून को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जब जनादेश का फैसला सामने आएगा।
नगरीय निकायों के कुल 44525 मतदाता 240 उम्मीदवार और त्रिस्तरीय पंचायतों के कुल 1037789 मतदाता 392 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। निकायों के चुनाव दलीय आधार पर ईवीएम से तथा त्रि-स्तरीय पंचायतों के चुनाव गैर दलीय आधार पर मतपेटी के माध्यम से कराए जाएंगे।
सभी निकायों में मतदान सुबह 8 से शाम 5 बजे तक तथा त्रि-स्तरीय पंचायतों में मतदान सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक होगा। निकायों के परिणामों की घोषणा 4 जून को की जाएगी। त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए मतदान एवं मतगणना 1 जून को की जाएगी, सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा 4 जून को की जाएगी।
मतदान के समय मतदाताओं के पहचान को सुगम बनाने के लिए आयोग द्वारा 18 पहचान पत्र निर्धारित किए गए है। समस्त निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए 33 सामान्य प्रेक्षक की नियुक्ति की गई है।
त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत पंच पद के लिए कुल 1136 पद थे। इनमें 385 पदों पर कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ तथा 4 पदों पर नामांकन निरस्त किए गए। 640 पदों पर निर्विरोध चुनाव हुआ है। जबकि शेष 107 पदों पर मतदान होगा। इसमें कुल 246 उम्मीदवार मैदान में हैं। सरपंच पद के लिए कुल 82 पदों में से 30 पदों पर नामांकन प्राप्त नहीं हुए तथा 3 नामांकन निरस्त हुए। 15 पदों पर निर्विरोध चुनाव हुआ। शेष 34 पदों पर मतदान होगा, जहां कुल 105 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं।
इसी प्रकार जनपद सदस्य के 10 पदों पर 41 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगरीय निकाय निर्वाचन के अंतर्गत पार्षद पद के कुल 71 स्थानों पर मतदान कराया जाएगा। इन पदों के लिए कुल 221 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। अध्यक्ष पद के 5 स्थानों पर भी चुनाव होगा, जिनके लिए कुल 19 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया है।